ईस्ट हॉलीवुड के नाइट क्लब के बाहर बड़ा हादसा, कार ने भीड़ को मारी टक्कर, 30 लोग घायल
East Hollywood Nightclub Major Incident: लॉस एंजिल्स के एक बिजी स्ट्रीट पर आज यानी 19 जुलाई 2025 (शनिवार) तड़के एक गाड़ी ने नाइट क्लब में एंट्री करने के लिए इंतजार कर रहे लोगों की भीड़ को जोरदार टक्कर मार दी है। इस घटना में करीब 30 लोग घायल हो गए हैं।
नाइट क्लब में एंट्री करने वालों को गाड़ी ने मारी टक्कर
लॉस एंजिल्स सिटी फायर डिपार्टमेंट के जन सूचना अधिकारी कैप्टन एडम वैन गेरपेन के अनुसार, पीड़ितों को स्थानीय अस्पतालों और ट्रॉमा सेंटरों में ले जाया गया है। वहीं फायर डिपार्टमेंट ने अपने बयान में कहा है कि ईस्ट हॉलीवुड में सांता मोनिका स्ट्रीट पर कई लोग घायल हो गए हैं जिनमें से 3 की हालत बहुत ज्यादा गंभीर है।

घटना में 30 लोग हुए घायल
वैन गेरपेन ने कहा है- लोगों की एक कतार, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं, एक नाइट क्लब में एंट्री करने के लिए इंतजार कर रही थी, तभी एक निसान वर्सा कार ने लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद उसी गाड़ी ने एक टैको ट्रक और वैलेट स्टैंड को भी टक्कर मारी।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
वैन गेरपेन ने कहा- पैरामेडिक्स ने पाया है कि एक मरीज को गोली लगी थी। उन्होंने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि उस व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा- फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। एलएपीडी के साथ ये एक बड़ी जांच होगी।
क्लब के अंदर मौजूद लोगों ने की मदद
वैन गेरपेन ने बताया कि पीड़ितों की मदद के लिए आपातकालीन दल के पहुंचने से कुछ मिनट पहले ही क्लब के अंदर मौजूद लोग बाहर आ गए थे। उन्होंने कहा- सभी एक नाइट क्लब में जाने के लिए लाइन में खड़े थे। वहां एक टैको कार्ट थी, जिससे कुछ लोग खाना ले रहे थे, साथ ही अंदर जाने का इंतजार कर रहे थे। वहां एक वैले लाइन भी थी। वैले पोडियम हटा दिया गया था। टैको ट्रक भी हटा दिया गया था, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग उस गाड़ी की चपेट में आ गए।












Click it and Unblock the Notifications