Turkey-Syria Earthquake: तुर्की में आया एक और शक्तिशाली भूंकप, 24 घंटे में 100 से अधिक बार कांपी धरती
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह दक्षिणी तुर्की में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद से कम से कम 100 आफ्टरशॉक्स 4.0 या उससे अधिक आंका गया है।

Image: PTI
तुर्की में एक बार फिर से शक्तिशाली भूकंप आया है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार सुबह आए झटकों की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.6 मापी गई। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे की वेबसाइट के मुताबिक मंगलवार को भी भूकंप का बड़ा झटका तुर्की में महसूस किया गया है। तुर्की में सोमवार से लेकर अब तक 4 बड़े भूकंप आ चुके हैं। 24 घंटे के भीतर आए भूकंप की तीव्रता क्रमशः 7.8, 7.6, 6.0 और 5.6 बताई गई है।
100 से भी अधिक भूकंप
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह दक्षिणी तुर्की में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद से कम से कम 100 आफ्टरशॉक्स 4.0 या उससे अधिक आंका गया है। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक जैसे-जैसे मूल भूकंप का समय बढ़ता है, आफ्टरशॉक्स की आवृत्ति और परिमाण कम होते जाते हैं। हालांकि, 5.0 से 6.0 से अधिक आफ्टरशॉक्स अभी भी होने की संभावना है। ऐसे भूकंप से राहत कार्य में जुटे बचाव दल और मलबे के बीच फंसे लोगों के लिए खतरा हो सकता है। आफ्टरशॉक्स फॉल्ट ज़ोन के साथ 300 किलोमीटर (186 मील) से अधिक तक फैला हुआ है।
अब तक 4,300 लोगों की मौत
बता दें कि सोमवार को तुर्की और सीरिया में आए भूकंप ने भीषण तबाही मचाई है। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 7.8 थी। अब तक इस भूकंप से करीब 4,300 लोगों की मौत की बात सामने आई है। इसके अलावा हजारों लोग लापता हैं और हजारों की संख्या में घायल भी हैं। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का एक दावा भी सामने आया है। WHO ने कहा है कि भूकंप की वजह से मरने वालों की संख्या 8 गुना बढ़ सकती है।
अमेरिका ने दिया मदद का भरोसा
तुर्की के स्वास्थ्य मंत्री फहार्टिन कोका के अनुसार, खराब मौसम के चलते सहायता टीमों के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं। कोका ने कहा, "मौसम की स्थिति और आपदा की भयावहता के कारण हमारी टीमों के लिए क्षेत्र में पहुंचना मुश्किल हो गया है।" तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप को देखते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने राष्ट्रपति रजब तैयब इरदुगान से फोन पर बात की है। जो बाइडेन ने हर संभव मदद देने का वादा किया है।












Click it and Unblock the Notifications