इजराइल में हिजबुल्लाह ने किया ड्रोन अटैक, 18 घायल, पीएम नेतन्याहू ने बदला लेने की खाई कसम
इजराइल में बुधवार शाम एक बड़ा ड्रोन हमला हुआ है। इस हमले में चौदह सैनिक और चार नागरिक घायल हो गए हैं। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी सीमावर्ती शहर अरब अल-अरामशे में एक सामुदायिक केंद्र में ये हमला हुआ।
हमला लेबनान की ओर से किया गया। पीड़ितों को मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा चार अन्य भी बुरी तरह घायल हैं। अस्पताल ने कहा कि बाकी पीड़ितों को मामूली और मामूली चोट आई है।

आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने हमले की जवाबदारी ली है। हिजबुल्लाह ने कहा है कि उन्होंने कि इजराइली सेना द्वारा इस्तेमाल की जा रही इमारत को विस्फोटकों से भरे ड्रोन से निशाना बनाया। हमले के बाद शहर को खाली करा लिया गया है।
इस हमले के दौरान चेतावनी सायरन नहीं बजा। आईडीएफ जांच कर रहा था कि हमले से पहले अलार्म क्यों सक्रिय नहीं किए गए और ड्रोन को क्यों नहीं रोका गया।
एक दिन पहले दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमलों में दो कमांडरों सहित हिजबुल्लाह के तीन आतंकी मारे गए थे। हिजबुल्लाह ने कहा है कि ये उसकी प्रतिक्रिया में किया गया हमला था। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा फुटेज वायरल हो रहा है। इसमें एक ड्रोन को हमला करते देखा जा सकता है।
आपको बता दें कि ईरान ने इजराइल पर 13 अप्रैल की रात हमला किया था। इस हमले के बाद से इजराइल में पांच बार वॉर कैबिनेट की मीटिंग हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक कैबिनेट ने तय किया है कि ईरान पर जवाबी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अब तक इस बात की जानकारी नहीं है कि इजराइल ये हमला कब करने जा रहा है।
गौरतलब है कि ब्रिटिश विदेश सचिव डेविड कैमरन और जर्मन विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक दोनों बुधवार को इजराइल पहुंचे थे। आपको बता दें कि जर्मनी और ब्रिटेन दोनों ने हमले के बाद इजराइल से संयम बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के साथ आगे कोई भी संघर्ष पश्चिम एशिया को चौतरफा युद्ध की ओर ले जा सकता है।
ब्रिटिश और जर्मन विदेश मंत्रियों के साथ बैठकों के बाद, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार की कैबिनेट बैठक में कहा कि इजराइल अपने निर्णय खुद लेगा और अपनी रक्षा के लिए जो भी आवश्यक होगा वह कदम उठाएगा। भले ही वह उसके सहयोगियों द्वारा दी गई सलाह के विपरीत हो।












Click it and Unblock the Notifications