Donald Trump:'जो भी शुल्क आप लगाएंगे, हम भी वही दोहराएंगे', Tariff लगाने की योजना पर ट्रंप का PM मोदी को संदेश
Donald Trump News: अमेरिका के राष्ट्रपति और रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और चीन जैसे देशों पर पारस्परिक टैरिफ (Reciprocal Tariff) लगाने की बात दोहराई है। उन्होंने कहा कि अगर ये देश अमेरिका से शुल्क वसूलते हैं, तो अमेरिका भी उन पर समान शुल्क लगाएगा। ट्रंप का कहना है कि यह कदम व्यापार को निष्पक्ष बनाने के लिए उठाया जा रहा है।
वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक के शपथ ग्रहण समारोह में ट्रंप ने कहा कि हम जल्द ही पारस्परिक शुल्क लगाएंगे। इसका मतलब है कि अगर कोई देश, जैसे भारत या चीन, हमसे शुल्क लेता है, तो हम भी उनसे वही शुल्क लेंगे। यह बहुत सरल है। हम सिर्फ निष्पक्ष रहना चाहते हैं। 78 वर्षीय ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ने पहले कभी इस तरह का कदम नहीं उठाया था, लेकिन अब इसके लिए पूरी तैयारी हो रही है।

पीएम मोदी को पहले ही कर चुके हैं आगाह
पिछले हफ्ते, एलन मस्क के साथ एक इंटरव्यू में ट्रंप ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत "वाशिंगटन के पारस्परिक टैरिफ से बच नहीं पाएगा।"
उन्होंने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री मोदी से कहा - 'जो भी शुल्क आप लगाएंगे, हम भी वही लगाएंगे।"
मजाकिया अंदाज में बोले ट्रंप - 'टैरिफ मेरा पसंदीदा शब्द था'
अपने मजाकिया अंदाज के लिए मशहूर ट्रंप ने यह भी कहा कि पहले "टैरिफ" उनका पसंदीदा शब्द हुआ करता था, लेकिन अब इसे 'परिवार', 'प्यार' और 'ईश्वर' के बाद चौथे स्थान पर रखना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हमें ईश्वर को पहले स्थान पर रखना चाहिए, क्योंकि हम कोई जोखिम नहीं लेना चाहते!"
मोदी से मुलाकात से पहले ही कर चुके थे घोषणा
प्रधानमंत्री मोदी से द्विपक्षीय बैठक से कुछ घंटे पहले ही ट्रंप ने घोषणा कर दी थी कि अमेरिका व्यापारिक साझेदारों पर पारस्परिक टैरिफ लगाएगा।
ओवल ऑफिस में इस नीति पर हस्ताक्षर करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने निष्पक्षता के उद्देश्य से यह फैसला लिया है कि अब से अमेरिका भी पारस्परिक टैरिफ लगाएगा। यह सभी के लिए उचित रहेगा, और कोई भी देश इससे शिकायत नहीं कर सकता।
पहले भी भारत को 'टैरिफ किंग' कह चुके हैं ट्रंप
अपने पहले कार्यकाल में डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को 'टैरिफ किंग' (Tariff King) कहा था। 2019 में उन्होंने भारत को मिलने वाली सामान्यीकृत वरीयता प्रणाली (GSP) समाप्त कर दी थी। उनका आरोप था कि भारत "अमेरिकी कंपनियों को अपने बाजारों तक निष्पक्ष और उचित पहुंच नहीं देता।"
क्या होगा भारत पर असर?
ट्रंप की इस नीति से भारत और अमेरिका के व्यापार संबंधों पर असर पड़ सकता है। अगर अमेरिका भारतीय उत्पादों पर ज्यादा शुल्क लगाता है, तो भारत को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ सकती है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस मुद्दे पर भारत की क्या प्रतिक्रिया होती है।












Click it and Unblock the Notifications