'100% टैरिफ बढ़ा दूंगा', सरकार में आने से पहले ही डोनाल्ड ट्रंप ने भारत सहित तमाम देशों को दे डाली धमकी
डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिस्क देशों को खुली चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी डॉलर को कमजोर करने की कोशिश होगी तो वह 100 फीसदी टैरिफ में बढ़ोतरी करेंगे। गौर करने वाली बात है कि ब्रिक्स देशों की लिस्ट में भारत भी आता है। ऐसे में ट्रंप की धमकी का असर भारत पर भी पड़ सकता है।
बता दें कि व्यापार के लिए अमेरिकी डॉलर दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली करेंसी है। लेकिन कई सहयोगी देशों और विकासशील देशों का कहना है कि जिस तरह से अमेरिक दुनियाभर की वित्तीय व्यवस्था पर दबदबा दिखाता है, उससे वह अमेरिकी डॉलर से त्रस्त आ चुके हैं, यही वजह है कि वह वैकल्पिक करेंसी को अपनाने की ओर बढ़ रहे हैं।

लेकिन इन सबके बीच ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर अमेरिकी डॉलर को कमजोर करने की कोशिश हुई तो वह टैरिफ में 100 फीसदी की बढ़ोतरी करेंगे। हालांकि ब्रिक्स देशों की ओर से अभी तक ट्रंप के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नही आई है।
ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करके डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, हमें इन देशों से प्रतिबद्धता की जरूरत है कि ये देश डॉलर की जगह ना तो नई ब्रिक्स करेंसी की शुरुआत करेंगे और ना ही दूसरी करेंसी का समर्थन करेंगे। अगर वे ऐसा करते हैं तो उन्हें 100 फीसदी टैरिफ इजाफा भुगतना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्हें अमेरिका में व्यापार को अलविदा कहना होगा।
अक्तूबर माह में ब्रिक्स समिट के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आरोप लगाया था कि अमेरिका डॉलर को हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहा है और यह उसकी सबसे बड़ी भूल है। पुतिन ने कहा कि सिर्फ हम ही नहीं हैं जो डॉलर को स्वीकार नहीं करना चाहते हैं, अमेरिका खुद नहीं चाहता कि हम यूएस डॉलर का इस्तेमाल करें, ऐसे में हम दूसरे विकल्प तलाशने के लिए मजबूर हैं।
बता दें कि ब्रिक्स देशों की लिस्ट में रूस, भारत के अलावा चीन, दक्षिण अफ्रीका, इथोपिया, ईरान, मिस्र, ब्राजील और यूएई शामिल हैं। इन देशों के अलावा टर्की, अजरबाइजान और मलेशियाने भी ब्रिक्स में शामिल होने की इच्छा जाहिर की है।












Click it and Unblock the Notifications