यूक्रेन को नाटो में क्यों नहीं मिलेगी जगह? ज़ेलेंस्की के साथ होने वाली अहम बैठक से पहले ट्रंप ने क्या कहा?
Donald Trump Zelensky meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपने यूक्रेनी समकक्ष वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से होने वाली अहम बैठक से पहले बड़ा बयान दिया। ट्रंप ने दावा किया कि ज़ेलेंस्की चाहें तो रूस के साथ जारी युद्ध को तुरंत खत्म कर सकते हैं। उन्होंने 2014 में ओबामा प्रशासन के दौरान रूस द्वारा क्रीमिया पर कब्ज़े का ज़िक्र करते हुए साफ कहा कि यूक्रेन को नाटो (NATO) में शामिल नहीं किया जाएगा।
यह मुद्दा रूस की सबसे बड़ी आपत्तियों में से एक रहा है। इससे पहले अलास्का में ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मुलाकात हुई थी, लेकिन कोई युद्धविराम समझौता नहीं हो सका। अब ट्रंप ने संकेत दिया है कि आगे की पहल ज़ेलेंस्की को करनी होगी, ताकि शांति वार्ता की राह आगे बढ़ सके।

ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, 'यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की चाहें तो रूस के साथ युद्ध को तुरंत खत्म कर सकते हैं, या फिर लड़ाई जारी रख सकते हैं। याद रखिए, ओबामा प्रशासन ने 12 साल पहले बिना एक भी गोली चले क्रीमिया रूस को सौंप दिया था और यह भी साफ है कि यूक्रेन का नाटो (NATO) में शामिल होना संभव नहीं है। कुछ बातें कभी नहीं बदलतीं'
ज़ेलेंस्की से अहम बैठक
सोमवार(18 अगस्त) को व्हाइट हाउस में ज़ेलेंस्की और कई यूरोपीय व नाटो नेताओं की मौजूदगी में बड़ी बैठक होने जा रही है। ट्रंप ने इसे अब तक की सबसे बड़ी मेज़बानी बताया। उनका कहना है कि, अब बॉल ज़ेलेंस्की के पाले में है, ताकि अलास्का वार्ता को आगे बढ़ाते हुए रूस-यूक्रेन युद्ध का हल निकाला जा सके।
ट्रंप और पुतिन के बीच तीन घंटे तक हुई बैठक
अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बहुप्रतीक्षित बैठक लगभग तीन घंटे तक हुई थी। ट्रंप वॉशिंगटन से, जबकि पुतिन मॉस्को से अलास्का पहुंचे थे। दुनियाभर की निगाहें इस बैठक पर टिकी थीं, खासकर यूक्रेन की, जो शांति की उम्मीद लगाए बैठी थी। हालांकि, बंद कमरे में हुई बातचीत से यूक्रेन युद्धविराम को लेकर कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला। पुतिन ने मॉस्को में आगे की बातचीत का प्रस्ताव रखा है, लेकिन शांति स्थापना की दिशा अभी स्पष्ट नहीं हो पाई। वहीं आज व्हाइट हाउस में ज़ेलेंस्की के साथ बैठक में क्या होता है इस पर पूरा दुनिया की नजर है।












Click it and Unblock the Notifications