डोनल्ड ट्रंप ने कहा- मुझे ख़ुद को माफ़ करने का 'संपूर्ण अधिकार' है
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि राष्ट्रपति चुनावों में रूस के कथित हस्तक्षेप और इससे जुड़े अन्य मामलों की जांच को लेकर उन्हें ख़ुद को क्षमादान देने का 'संपूर्ण अधिकार' है. हालांकि ट्रंप ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि उन्होंने कुछ भी ग़लत नहीं किया है.
अमरीकी राष्ट्रपति ने वही बात दोहराई जो उनके वकीलों ने जांच का नेतृत्व कर रहे स्पेशल काउंसल को जनवरी में दिए ज्ञापन में कही थी.
अपने ट्वीट में ट्रंप ने एक बार फिर उस जांच प्रक्रिया पर निशाना साधा, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अपने चुनाव अभियान के दौरान रूस के साथ सांठगांठ या न्याय में बाधा पहुंचाने की कोशिश तो नहीं की थी.
संविधान विशेषज्ञों की राय इस बात को लेकर बंटी हुई है कि राष्ट्रपति ख़ुद को क्षमा कर सकते हैं या नहीं.
क्या लिखा ट्रंप ने
ट्रंप ने ट्वीट किया है, "जैसा कि कानून के कई जानकार कह चुके हैं, मुझे ख़ुद को क्षमा करने का पूरा अधिकार है. मगर मैं ऐसा क्यों करूंगा जब मैंने कुछ ग़लत ही नहीं किया? इस बीच मुझसे बेहद नाराज़ और आपस में मतभेद रखने वाले 13 डेमोक्रैट्स (और अन्य) के नेतृत्व में मेरे ख़िलाफ़ कभी ना खत्म होने वाला अभियान जारी है."
https://twitter.com/realDonaldTrump/status/1003616210922147841
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा है, "स्पेशल काउंसल की नियुक्ति पूरी तरह से असंवैधानिक है. बावजूद इसके, हम नियमों का पालन करते रहेंगे, क्योंकि मैंने कुछ भी ग़लत नहीं किया है."
https://twitter.com/realDonaldTrump/status/1003637916919320577
ट्रंप ने जिन '13 डेमोक्रैट्स' का ज़िक्र किया है, माना जा रहा है कि वे स्पेशल काउंसल रॉबर्ट मूलर की टीम में शामिल 17 जांचकर्ताओं में से हैं. मगर स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अमरीकी राष्ट्रपति का इशारा किनकी तरफ़ है.
जांचकर्ता निशाने पर क्यों
अमरीकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार मूलर की टीम में शामिल कुछ जांचकर्ताओं ने पहले डेमोक्रैट्स के रूप में पंजीकरण करवाया था और उनमें से नौ ने डेमोक्रैटिक पार्टी को वित्तीय अनुदान भी दिया था.
वहीं मूलर आजीवन पंजीकृत रिपब्लिकन रहे हैं और उन्हें रिपब्लिकन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने एफ़बीआई के निदेशक के तौर पर नियुक्त किया था.
मूलर को रूस के कथित हस्तक्षेप की जांच का प्रमुख नियुक्त करने वाले डेप्युटी अटॉर्नी जनरल रॉड रोज़नस्टीन भी पंजीकृत रिपब्लिकन हैं.
अमरीका के संघीय दिशानिर्देश ऐसे हैं कि न्याय विभाग के प्रबंधक कर्मचारियों को काम सौंपने से पहले उनकी राजनीतिक संबद्धता पर विचार नहीं कर सकते.
ट्रंप ने ऐसा क्यों कहा
सोमवार सुबह व्हाइट हाउस की सलाहकार केलिएन कॉन्वे से एक पत्रकार ने सवाल किया था कि राष्ट्रपति ने ख़ुद को क्षमा करने की बात क्यों की.
इसके जवाब में उन्होंने कहा, "जब उन्होंने कुछ ग़लत नहीं किया तो उन्हें ख़ुद को क्षमा करने की ज़रूरत क्यों होगी? आपको इन काल्पनिक बातों में लगे रहना पसंद है. मुझे लगता है कि उत्तर कोरिया और व्यापार नीति की पेचीदगियों के मुकाबले इस बात को समझना ज़्यादा आसान है."
ट्रंप ने यह टिप्पणी उस समय की है, जब एक दिन पहले यानी रविवार को उनके वकीलों ने विभिन्न टीवी चैनलों के कार्यक्रमों पर 'ख़ुद को क्षमा करने' के मुद्दे पर बात की थी.
ट्रंप के वकील रूडी गियूलियानी ने एबीसी के 'दिस वीक' कार्यक्रम में कहा था कि 'ट्रंप का ख़ुद को क्षमा करने का कोई इरादा नहीं है.' उन्होंने ये भी कहा था कि 'शायद उनके पास ऐसा करने की शक्ति है.'
गियूलियानी ने एनबीसी के 'मीट द प्रेस' कार्यक्रम में कहा, "ख़ुद को क्षमादान देने के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता और संभव है कि इससे तुरंत महाभियोग शुरू हो जाए. उन्हें ऐसा करने की ज़रूरत ही नहीं होगी क्योंकि उन्होंने कुछ भी ग़लत नहीं किया है."
मगर सीएनएन के साथ बात करते हुए रिपब्लिकन नेता केविन मक्कार्थी ने कहा कि किसी भी राष्ट्रपति को ख़ुद को क्षमा नहीं करना चाहिए.
- एफ़बीआई पर आरोप, ट्रंप के ख़िलाफ़ किया ताकत का दुरुपयोग
- पुतिन ख़ुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं: डोनल्ड ट्रंप












Click it and Unblock the Notifications