इसी माह व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप करेंगे पीएम मोदी का स्वागत
वॉशिंगटन। अमेरिका के विदेश विभाग ने पुष्टि की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात इसी माह होगी। पीएम मोदी और ट्रंप की इस मुलाकात पर हर किसी की नजरें हैं और इस मीटिंग का इंतजार दोनों देशों के लोग उस समय से कर रहे हैं जब से ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति का पद संभाला है।

तारीखों का ऐलान बाकी
गुरुवार को विदेश विभाग के प्रवक्ता हीथर नाउएर्ट ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'हम वॉशिंगटन में भारतीय प्रधानमंत्री के आने और उनके स्वागत का इंतजार कर रहे हैं। मेरा मानना है कि यह इसी माह होगा।' पीएम मोदी, राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात के लिए इसी माह अमेरिका की यात्रा पर जा सकते हैं। फिलहाल इस मीटिंग की तारीखों के बारे में अभी कोई भी ऐलान नहीं किया गया है। 20 जनवरी को अमेरिकी सत्ता बदलने के बाद यह पीएम मोदी की पहली अमेरिकी यात्रा होगी। दोनों नेताओं के बीच तीन बार फोन पर बात हो चुकी है।
आठ बार हो चुकी है ओबामा-मोदी की मुलाकात
ट्रंप से पहले ओबामा प्रशासन के दौरान पीएम मोदी ने रिकॉर्ड आठ बार पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात की थी। पीएम मोदी तीन बार अमेरिका की यात्रा कर चुके हैं और ओबामा से मिल चुके हैं। वहीं बराक ओबामा जनवरी 2015 में दूसरी बार भारत की एतिहासिक यात्रा पर आए थे। ओबामा उस समय गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि बने थे और इसके साथ ही वह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए थे जिन्होंने गणतंत्र दिवस में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी।












Click it and Unblock the Notifications