कौन से हैं वो 7 युद्ध? जिनको ट्रम्प ने खत्म करवाने का किया दावा, UN में थपथपाई खुद की पीठ
Donald Trump claime in UNGA: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संबोधित किया। जिसमें उन्होंने दावा किया कि उन्होंने महज सात महीनों में वह हासिल कर लिया, जिसे दूसरे असंभव मानते थे। ट्रम्प ने कहा मैंने सात "न खत्म होने वाले" युद्ध समाप्त किए हैं। इन युद्धों में मई 2025 में हुए भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराने में अपनी भूमिका होने का दावा किया।
भारत द्वारा ट्रंप के दावे को स्पष्ट रूप से खारिज करने के बावजूद, अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र में भी इसे दोहराया। उन्होंने विश्व नेताओं से कहा,"सिर्फ 7 महीनों में मैंने 7 अंतहीन युद्ध खत्म कर दिए। कुछ युद्ध 31 सालों से चल रहे थे, एक 36 साल से। सभी खत्म हो चुके हैं।" साथ ही ट्रम्प ने कहा, मैंने 7 युद्ध समाप्त किए और सभी मामलों में वे भयंकर रूप से चल रहे थे, जिसमें हजारों लोग मारे जा रहे थे।"

कौन से वो 7 युद्ध हैं?
अपने भाषण में ट्रंप ने जिन अंतहीन युद्धों को समाप्त करवाने का दावा किया उनमें कंबोडिया और थाईलैंड, सर्बिया, कांगो और रवांडा, पाकिस्तान और भारत, इज़राइल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, तथा आर्मेनिया और अजरबैजान शामिल हैं।
ट्रम्प बोले- UN से एक कॉल तक नहीं आया
सात युद्धों को समाप्त करने में भूमिका निभाने का दावा करने के साथ ही ट्रम्प ने अपने आलोचकों और संयुक्त राष्ट्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "यह बहुत बुरा है कि मुझे ये काम करने पड़े, बजाय इसके कि संयुक्त राष्ट्र इन्हें करता, और दुख की बात है कि संयुक्त राष्ट्र ने इनमें से किसी में भी मदद करने की कोशिश नहीं की।" ट्रंप ने आगे कहा, "मैंने सात युद्ध समाप्त किए, हर देश के नेताओं से बात की, लेकिन संयुक्त राष्ट्र से मुझे एक फोन कॉल भी नहीं आया।"
ट्रम्प बोले-मुझे यूएन से बस ये दो चीज मिली
ट्रंप ने कहा कि उन्हें संयुक्त राष्ट्र से केवल दो चीजें मिलीं - एक खराब एस्केलेटर और एक टूटा हुआ टेलीप्रॉम्प्टर। उन्होंने कहा "मुझे संयुक्त राष्ट्र से सिर्फ एक एस्केलेटर मिला जो ऊपर जाते हुए बीच में ही रुक गया। अगर फर्स्ट लेडी (मेलानिया ट्रंप) अच्छी हालत में नहीं होतीं, तो वह गिर जातीं। लेकिन वह अच्छी हालत में हैं। हम दोनों अच्छी हालत में हैं।"
ट्रम्प के साथ यूएन की बैठक में ऐसा क्या हुआ?
दरअसल, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से आए एक वीडियो में दिखाया गया कि जैसे ही ट्रंप और मेलानिया एस्केलेटर पर चढ़े, वह अचानक रुक गया। इसके अतिरिक्त, जब ट्रंप अपना संबोधन शुरू करने वाले थे, तो टेलीप्रॉम्प्टर भी खराब हो गया और अमेरिकी राष्ट्रपति को अपना भाषण कागज़ से पढ़ना पड़ा। उन्होंने अपने संयुक्त राष्ट्र भाषण में इन दोनों घटनाओं के बारे में मज़ाक किया।












Click it and Unblock the Notifications