'भारत के लिए बहुत बड़ी डील तैयार,' अमेरिका-चीन ट्रेड डील के बाद ट्रंप ने दिया बड़ा संकेत
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने बयान से अंतरराष्ट्रीय व्यापार की दुनिया में हलचल मचा दी है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने चीन के साथ अहम व्यापार समझौता कर लिया है और अब भारत की बारी है। उन्होंने इशारा किया कि भारत के साथ जल्द एक 'बहुत बड़ी' ट्रेड डील होने जा रही है।
डोनाल्ड ट्रंप गुरुवार को 'बिग ब्यूटीफुल बिल' नाम के कार्यक्रम में बोल रहे थे, जहां उन्होंने चीन के साथ साइन की गई डील की जानकारी दी और साथ ही भारत को लेकर बड़ा संकेत दिया।

ट्रंप ने कहा कि, 'कुछ वक्त पहले तक मीडिया पूछता था कि क्या कोई देश है जो हमारे साथ डील करना चाहता है? अब हमने चीन के साथ समझौता कर लिया है। हमारे पास कुछ बड़ी डील्स हैं- और शायद एक डील भारत के साथ भी आने वाली है। बहुत बड़ी डील। जिसमें हम भारत के बाजार को खोलने जा रहे हैं।
'अमेरिका हर देश से डील नहीं करेगा'
ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका हर देश से डील नहीं करेगा। उन्होंने हंसते हुए कहा कि, 'कुछ देशों को तो हम बस चिट्ठी भेजेंगे- धन्यवाद, अब 25, 35 या 45 फीसदी टैक्स दीजिए।
बेहतर हो रहे हैं भारत और अमेरिका के रिश्ते
ट्रंप ने ये भी कहा कि चीन के साथ हुई डील के तहत अब कुछ ऐसे क्षेत्रों में व्यापार की शुरुआत होगी जहां पहले कभी बातचीत भी नहीं हुई थी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते लगातार बेहतर हो रहे हैं, और व्यापारिक समझौता इस दिशा में एक बड़ा कदम हो सकता है।
रेयर अर्थ मिनरल्स की आपूर्ति को लेकर हुई डील
चीन के साथ हुए नए समझौते पर बाद में व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि यह समझौता मुख्य रूप से रेयर अर्थ मिनरल्स की आपूर्ति को लेकर है, जिनकी कमी से अमेरिका की डिफेंस, टेक और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री पर असर पड़ा था। इस समझौते से अब चीन फिर से अमेरिका को दुर्लभ खनिज भेजेगा, जिसके बदले में अमेरिका कुछ प्रतिबंध हटाएगा।
उधर, अमेरिका के वाणिज्य सचिव हावर्ड लटनिक ने हाल ही में एक मंच पर कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत आखिरी दौर में है। उन्होंने कहा कि, 'हमें बहुत उम्मीद है कि जल्द ही भारत के साथ एक मजबूत समझौता सामने आएगा।'












Click it and Unblock the Notifications