VIDEO: डेमोक्रेट सीनेटर बर्नी सेंडर्स ने पहले ही बता दिया था पिछड़ने पर कैसे बौखलाएंगे डोनाल्ड ट्रंप
नई दिल्ली- अमेरिका के डेमोक्रेट सीनेटर बर्नी सेंडर्स ने इस बात की भविष्यवाणी करीब दो हफ्ते पहले ही कर द थी कि राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे किस तरह आएंगे और उसपर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कैसी प्रतिक्रिया देंगे। उनकी भविष्यवाणी वाला ये इंटरव्यू सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। पिछले 24 घंटों में 2 करोड़ 70 लाख से ज्यादा लोग इस इंटरव्यू को देख चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। 79 वर्षीय सेंडर्स से जब सवाल पूछा गया था कि उन्हें क्या लगता है कि इस बार के चुनाव परिणाम कब तक पूरी तरह से साफ हो जाएंगे। तब उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि बहुत ज्यादा संख्या में मेल्ड-इन बैलट की वजह से नतीजे आने में कुछ देरी हो सकती है।

Recommended Video
दि टुनाइट शो में सेंडर्स ने जिम्मी फैलॉन से कहा था कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने में थोड़ी देरी हो सकती है। उन्होंने संभावना जताई थी कि पेंसिलवेनिया, मिशिगन और विस्कॉन्सिन और कुछ दूसरे राज्यों में बहुत ही बड़ी तादाद में मेल-इन बैलट आ सकते हैं। उन्होंने भविष्यवाणी की थी लाखों मेल-इन बैलट के चलते चुनाव परिणाम आने में देरी हो सकती है। सेंडर्स इस साल की शुरुआत में राष्ट्रपति की उम्मीदवारी में पिछड़ गए थे। उन्होंने कहा था कि चुनाव के लिए डेमोक्रेट समर्थक ज्यादातर मेल-इन बैलट का इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि रिपब्लिकन वोटर की ओर से मतदान केंद्र पर जाकर वोटिंग किए जाने की ज्यादा संभावना है।
सेंडर्स ने तब कहा था, 'ऐसा हो सकता है कि चुनाव वाले दिन रात 10 बजे तक ट्रंप मिशिगन में जीत जाएं, वो पेंसिलवेनिया में जीत जाएं, वो विस्कॉन्सिन में जीत जाएं और वह टेलीविजन पर आकर कहें, मुझे दोबारा चुनने के लिए अमेरिकावासियों आपको धन्यवाद। सब हो गया है, आपका दिन शुभ हो।' और कल जो कुछ भी हुआ वह बिल्कुल उसी तरह से था, जैसा कि सेंडर्स ने पहले ही कहा था। ट्रंप ने डेमोक्रेट उम्मीदवार जो बाइडेन पर अपनी जीत का गलत दावा किया, जबकि व्हाइट हाउस के लिए लाखों वोट गिने जाने बाकी ही थे। बाद में ट्रंप ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। तड़के 2.30 बजे प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने यहां तक दावा किया कि 'हम इस चुनाव में जीतने जा रहे हैं। साफ शब्दों में कहूं तो हम यह चुनाव जीत गए।' ट्रंप ने आगे कहा कि, 'हमारे राष्ट्र के साथ यह बहुत बड़ा धोखा है। हम चाहते हैं कि कानून का सही तरीके से इस्तेमाल हो। इसलिए हम सुप्रीम कोर्ट जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि वोटिंग रुकनी चाहिए।'
अक्टूबर में दिए गए इंटरव्यू में सेंडर्स ने दावा किया था कि 'अगले दिन या उसके बाद जब सारे मेल-इन बैलट गिने जाने लगेंगे और उन सभी राज्यों में बाइडेन जीतने लगेंगे तब ट्रंप कहेंगे कि देखिए ? मैंने आपसे कहा था कि धोखाधड़ी हो सकती है। मैंने आपसे कहा था कि ये मेल-इन बैलेट साजिश है। आप जानते हैं कि हम ऑफिस नहीं छोड़ने जा रहे हैं। '
और जब चुनाव नतीजे से साफ हो गया कि मिशिगन और विस्कॉन्सिन में बाइडेन बहुमत के करीब पहुंच गए, ट्रंप ने कहना शुरू कर दिया कि वह इस चुनाव परिणाम को नहीं स्वीकार करते। उनकी ओर से मिशिगन,पेंसिलवेनिया और जॉर्जिया में मुकदमे की घोषणा की गई और विस्कॉन्सिन में दोबारा मतगणना की मांग की गई है।









Click it and Unblock the Notifications