चीन में सामने आए कोरोना वायरस के रिकॉर्ड नए मामले, दुनियाभर में चौथी लहर का खतरा
बीजिंग, 18 मार्च: चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे दुनियाभर में चिंता बढ़ गई है। चीन में 17 मार्च को 2,388 नए कोरोना मरीज मिले हैं। एक दिन पहले आए नए मामलों से ये दोगुने केस हैं। चीन में बीते कुछ दिनों से लगातार कोरोना के मामले बढ़े हैं। करीब दो साल के बाद चीन में इतने ज्यादा केस सामने आए हैं। वहीं कई और देशों में भी कोविड केसों में उछाल आया है।

20 फरवरी के बाद से चीन में डेली केस लगातार बढ़े हैं और पिछले 5 दिनों से तो वहां हर दिन 1000 से ज्यादा नए केस सामने आ रहे हैं। 14 मार्च को चीन में कोरोना के 3602 केस दर्ज किए गए जो फरवरी 2020 के बाद से सबसे ज्यादा है। इसके अलावा जर्मनी, इटली, फ्रांस, साउथ कोरिया समेत कई देशों में कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं।
कोरोना वायरस के नए-नए वैरिएंट सामने आने और केस बढ़ने से भारत समेत पूरी दुनिया की चिंता बढ़ गई है। कई विशेषज्ञ मान रहे हैं कि जल्दी ही दुनिया को कोरोना की चौथी लहर का सामना करना पड़ सकता है। चीन को छोड़ दें तो भारत समेत दुनिया के ज्यादातर हिस्से में कोरोना के हालात फिलहाल काबू में हैं लेकिन बहुत सारे एक्सपर्ट ये बात स्वीकार कर रहे हैं कि आने वाले समय में केस बढ़ सकते हैं। ऐसे में सतर्कता जरूरी है।
भारत सरकार ने भी सतर्कता बढ़ाने को कहा
चीन में कोरोना संक्रमण के नए मामले बढ़ने के बाद भारत सरकार ने भी राज्यों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों, स्वास्थ्य सचिवों को पत्र लिखकर कहा है कि टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट-टीकाकरण की नीति पर पूरा जोर रखें।












Click it and Unblock the Notifications