चीन की सलाह, भारत में कंपनियों को करना होगा विरोध का सामना
पेइचिंग। इन दिनों भारत और चीन के बीच सीमा को लेकर जो तनाव बना हुआ है, उसका सीधा असर अब कारोबार पर भी दिखने लगा है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने भी अपने एक लेक में कहा है कि देश की कंपनियों को भारत में चीन विरोधी भावना को थामने के उपाय अपनाने होंगे। सीमा तनाव के बीच चीनी मीडिया की इस सलाह को काफी अहम माना जा रहा है।

ग्लोबल टाइम्स अखबार ने अपने लेख में भारत में कारोबार कर रही चीनी कंपनियों को सलाह देते हुए लिखा है कि दोनों देशों के बीच तनाव की वजह से चीनी कंपनियों को वहां विरोधी भावना से निपटने के लिए कदम उठाने चाहिए और उनसे निपटने का प्रयास करना चाहिए। अखबार में 2014 में वियतनाम में चीन विरोधी भावना का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि भारत में भी चीन के हितों पर हमला हो सकता है।
आपको बता दें कि काफी दिनों से सिक्किम सेक्टर में सीमा पर भारत और चीन के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस मामले में चीन का कहना है कि जब तक भारतीय सेना पीछे नहीं हटेगी, तब तक बातचीत का कोई सवाल नहीं उठता है। जहां एक ओर चीनी मीडिया की तरफ से युद्ध के विकल्प की बात की गई है, वहीं दूसरी ओर भारत में चीन के राजदूत लू झाओहुई ने कहा है कि यह भारत पर निर्भर करेगा कि सैन्य विकल्प का इस्तेमाल होगा या फिर नहीं।
चीन ने इस गंभीर स्थिति से निपटने का जिम्मा नई दिल्ली को सौंप दिया है। चीन के राजदूत लू झाओहुई के अनुसार गेंद भारत के पाले में है और इस स्थिति से निपटने के लिए भारत को ही कोई कदम उठाना होगा। आपको बता दें कि चीन का सरकारी मीडिया ने कहा था कि अगर इस विवाद से सही तरीके से नहीं निपटा जाएगा, तो इससे युद्ध भी छिड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications