चीन के विदेश मंत्री वांग इस महीने आ सकते हैं भारत, NSA डोभाल संग हो सकती है सीमावार्ता
नई दिल्ली। चीन के विदेश मंत्री वांग यी के इस महीने भारत यात्रा पर आ सकते हैं। जानकारी के मुताबिक सीमावार्ता के लिए वांग यी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से मुलाकात कर सकते हैं। कूटनीतिक सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी। डोभाल और वांग सीमावार्ता के लिए दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधि हैं। डोभाल के साथ सीमावार्ता करने के अलावा वह विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ व्यापक वार्ता करेंगे।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच गत अक्टूबर तक मामल्लापुरम में अनौपचारिक शिखर बैठक के बाद चीन के किसी वरिष्ठ नेता की पहली भारत यात्रा होगी। वांग की यात्रा के दौरान उम्मीद है कि दोनों पक्ष शिखर बैठक के दौरान किये गए निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। एक सूत्र ने कहा, 'चीन के विदेश मंत्री इस महीने भारत की यात्रा पर आ रहे हैं।'
Chinese Foreign Minister Wang Yi likely to visit India this month
Read @ANI Story | https://t.co/GKjV1T8fJ6 pic.twitter.com/jngSNdEJzc
— ANI Digital (@ani_digital) December 4, 2019
वांग विशेष प्रतिनिधि वार्ता के लिए गत सितंबर में भारत की यात्रा पर आने वाले थे लेकिन यात्रा तब टल गई थी। दोनों पक्षों के बीच विशेष प्रतिनिधि वार्ता रूपरेखा के तहत 20 से अधिक दौर की वार्ता पहले ही हो चुकी हैं। विशेष प्रतिनिधि वार्ता की शुरूआत सीमा विवाद का जल्द हल निकालने के लिए की गई थी। भारत-चीन सीमा विवाद में 3,488 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा शामिल है। चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिण तिब्बत का हिस्सा होने का दावा करता है, भारत इसे खारिज करता है।