मंगल की कक्षा में पहुंचा चीन का मानवरहित अंतरिक्षयान ताइनवेन-1
नई दिल्ली। चीन का मानवरहित अंतरिक्ष यान 'ताइनवेन-1' मंगल ग्रह की कक्षा में सफलतापूर्वक प्रवेश कर गया है। बुधवार को चीनी स्पेसक्राफ्ट मंगल की कक्षा में पहुंचा। ये स्पेसक्राफ्ट मंगल पर एक रोवर को उतारेगा जो भूमिगत जल और पूर्व में जीवन होने की खोज करेगा। चीनी मीडिया के मुताबिक, बुधवार शाम को 7.52 बजे स्पेसक्राफ्ट ने मंगल ग्रह की कक्षा में प्रवेश किया है।

चीन का ये स्पेसक्राफ्ट 'ताइनवेन-1' धरती से सात महीने की यात्रा के बाद मंगल की कक्षा में पहुंचा है। चीन का मंगल पर रोवर लैंड कराने और वहां के भूजल और पुरातन समय में जिंदगी के संभावित चिन्हों को खोजने का ये महत्वाकांक्षी अभियान है। यह उसका पहला स्वतंत्र मंगल अभियान है। इसे 23 जुलाई ,2020 को हैइनान प्रांत के वेंचैंग स्पेस लॉन्च सेंटर से भेजा गया था। मिशन के मुताबिक, कुछ महीनों में रोवर यान से अलग हो जाएगा और मंगल की सतह पर उतरने का प्रयास करेगा।
दो दिन में दूसरी बार है जब किसी यान ने लाल ग्रह की कक्षा में प्रवेश किया है। एक दिन पहले ही संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के होप अंतरिक्षयान ने मंगल की कक्षा में प्रवेश किया था। संयुक्त अरब अमीरात के मंगल मिशन का नाम है 'होप', जिसे 20 जुलाई, 2020 को जापान के तनेगाशिमा स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था। 'होप' जैसा कि ना से ही स्पष्ट है कि इससे यूएई को काफी उम्मीदें हैं। 'होप' अरब देशों का इस तरह का पहला स्पेस मिशन है। इसका लक्ष्य वैज्ञानिकों के लिए मंगल के वातावरण की पुख्ता जानकारी उपलब्ध कराना है।












Click it and Unblock the Notifications