चीन में जूता फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, भीषण आग लगने से 28 की मौत, छत पर फंसे कर्मचारियों का Video आया सामने
चीन के फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर में गुरुवार (09 जुलाई) को एक जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिकइस हादसे में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई कर्मचारी इमारत की छत पर फंस गए और चारों तरफ घना काला धुआं फैल गया।
घटना के बाद राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राहत और बचाव अभियान तेज करने, हादसे की जांच कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए भी कहा है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ और सरकारी ब्रॉडकास्टर CCTV के मुताबिक, आग फुजियान प्रांत के जिनजियांग शहर स्थित एक बहुमंजिला जूता फैक्ट्री की ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान और ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद थी। इसी वजह से आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
बचाव अभियान में जुटी बड़ी टीम
हादसे की सूचना मिलते ही फायर और रेस्क्यू विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने 183 बचावकर्मियों और 35 दमकल वाहनों को मौके पर भेजा। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया गया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फैक्ट्री में मौजूद गोंद और दूसरे केमिकल की वजह से पूरे इलाके में तीखी गंध फैल गई, जिससे राहत कार्य में भी दिक्कतें आईं।
क्यों खास है जिनजियांग?
जिनजियांग को चीन की 'जूता राजधानी' कहा जाता है। यह शहर जूते और परिधान उद्योग का बड़ा केंद्र है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में यहां की हजारों कंपनियों ने 1.2 अरब से ज्यादा जोड़ी जूते तैयार किए, जो दुनिया के कुल जूता उत्पादन का करीब 20 प्रतिशत है। ऐसे में इस औद्योगिक शहर में हुआ यह हादसा चीन के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है।













Click it and Unblock the Notifications