China News: लगातार तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति बने शी जिनपिंग, जानें कौन बनेगा प्रधानमंत्री?
शी जिनपिंग को पिछले साल अक्टूबर में ही कम्युनिस्ट पार्टी कांग्रेस में तीसरी बार राष्ट्रपति चुन लिया गया था और देश की संसद में उनके नाम पर मुहर लगना, महज औपचारिकता भर ही थी।

Xi Jinping News: चीन की संसद ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से राष्ट्रपति शी जिनपिंग के अभूतपूर्व तीसरे पांच साल के कार्यकाल का समर्थन कर दिया है। यानि, शी जिनपिंग आधिकारिक तौर पर लगातार तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति बन गये हैं और इसके साथ ही उन्होंने आधुनिक चीन के संस्थापक माओत्से तुंग के सबसे ज्यादा सालों तक चीन पर राज करने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। आपको बता दें, कि चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की पांच साल में एक बार होने वाली कांग्रेस ने पिछले साल अक्टूबर महीने में 69 साल के शी जिनपिंग को फिर से अपने नेता के रूप में चुना था। शी जिनपिंग, पार्टी के संस्थापक माओत्से तुंग के बाद पहले चीनी नेता बन गये हैं, जिन्हें राष्ट्रपति का तीसरा कार्यकाल मिला है। चीन के संविधान के मुताबिक, कोई भी नेता सिर्फ दो बार ही राष्ट्रपति बन सकता है, लेकिन शी जिनपिंग ने तीसरी बार राष्ट्रपति बनने के लिए संविधान में संशोधन कर दिया था।

तीसरी बार राष्ट्रपति बने शी जिनपिंग
चीन की विधायिका, नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) को अक्सर रबर स्टैंप संसद के रूप में वर्णित किया जाता है। शुक्रवार को भी नेशनल्स पीपुल्स कांग्रेस ने तय लाइन के तहत ही शी जिनपिंग के लगातार तीसरे कार्यकाल पर मुहर लगाया और आधिकारिक तौर पर शी जिनपिंग लगातार तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति बन गये। वहीं, अब उम्मीद की जा रही है, कि जब तक जिंदा रहेंगे, शी जिनपिंग ही चीन के राष्ट्रपति बने रहेंगे। वह पिछले अक्टूबर कांग्रेस के दौरान सीपीसी के महासचिव के रूप में पहले ही चुने जा चुके हैं और उन्होंने अपनी सरकार को चलाने के लिए तमाम मंत्रियों को पहले ही चुन लिया है। शी जिनपिंग के कैबिनेट में कई नये चेहरों को शामिल किया गया है, जो उनके विश्वासपात्र हैं, जबकि विरोधी खेमे को पूरी तरह से बाहर कर दिया गया है, जिनमें प्रधानमंत्री ली केकियांग सबसे बड़े नाम हैं, जिन्हें अब प्रधानमंत्री पद से हटाया जा चुका है।

प्रधानमंत्री ली केकियांग का कार्यकाल समाप्त
एनपीसी के इस वर्ष के वार्षिक सत्र को महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यह चीनी सरकार के नेतृत्व में दस साल में एक बार बदलाव की शुरुआत करता है और इस बार का ये बदलाव प्रधानमंत्री ली केकियांग की विदाई के साथ है। एनपीसी, जो राज्य परिषद, केंद्रीय मंत्रिमंडल की अध्यक्षता करता है। चीन के मौजूदा प्रधानमंत्री ली केकियांग तका कार्यकाल इस साल के एनपीसी सक्ष के साथ ही खत्म हो रहा है। वहीं, अब पूरी उम्मीद है, कि चीन के अगले प्रधानमंत्री ली किआंग होंगे, जो शी जिनपिंग के काफी करीबी हैं और माना जा रहा है, कि शनिवार को ली किआंग के नाम पर एनपीसी में मुहर लगा दी जाएगी। हालांकि, शी जिनपिंग को अपने कैबिनेट में जिन नामों को शामिल करना है, उनका अनुमोदन वो पहले ही कर चुके हैं और एनपीसी की बैठक में उन नामों का फाइनल होना एक नियमित औपचारिकता ही है। चीन के नये प्रधानमंत्री इस साल के वार्षिक एनपीसी सत्र के अंतिम दिन 13 मार्च को वार्षिक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
Recommended Video


कौन हैं ली कियांग?
ली कियांग की पृष्ठभूमि या उनके निजी जीवन के बारे में बहुत कम सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध है। इंटरनेट पर ली कियांग के जन्म के बारे में ढूंढ़ने पर वानजाउ के रुइयन काउंटी की जानकारी मिलती है। ऐसा मिलता है कि झेजियांग ही वह जगह थी, जहां शी जिनपिंग और ली कियांग की गहरी दोस्ती हुई। शी जिनपिंग यहां 2004 से 2007 के बीच प्रांतीय पार्टी सचिव थे। इस दौरान ली कियांग उनके चीफ ऑफ स्टाफ थे। अमेरिकी लेखक रॉबर्ट लॉरेंस कुह्न के मुताबिक, शी जिनपिंग द्वारा ली कियांग को पसंद करने के पीछे एक बड़ी वजह ये भी है, कि वे जिनपिंग की लाइमलाइट को चुराने की कोशिश नहीं करते। वह एक जिम्मेदार अधिकारी की भांति अपने बॉस को क्रेडिट देने में यकीन रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications