चीन में फटा कोरोना बम! झेंगझोऊ स्थित आईफोन फैक्ट्री, आसपास के इलाके में 7 दिनों का सख्त लॉकडाउन
देश के Zhengzhou City में भी यही हालात हैं, जहां Apple iPhone निर्माता फॉक्सकॉन की सबसे बड़ी फैक्ट्री है। इस बीच खबर ये है कि पाबंदियों से बचने के लिए इस फैक्ट्री के कर्मचारी दीवारें फांदकर वहां से भाग रहे हैं।
चीन (china) ने झेंगझोऊ (Zhengzhou) एयरपोर्ट इकॉनमी जोन स्थित आईफोन बनाने वाली सबसे बड़ी फैक्ट्री के आसपास कोरोना लॉकडाउन लगा दिया है। जानकारी के मुताबिक यहां से कोरोना के डर से कर्मचारी फैक्ट्री छोड़कर भागने लगे। बता दें कि, ताइवान की टेक कंपनी फॉक्सकॉन (Foxconn technology group) यहां आईफोन का एक बड़ा प्लांट चलाती है। खबर के मुताबिक इलाके सोमवार को कोरोना के 95 मामले सामने आए थे जो मंगलवार को बढ़कर 359 हो गया। इसके बाद सरकार ने 7 दिनों का कोरोना लॉकडाउन लगाने का आदेश दे दिया। वहीं, स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि बुधवार (2 नवंबर) को फॉक्सकॉन में लॉकडाउन लगाया गया है। खबर के मुताबिक पाबंदियों से बचने के लिए फैक्ट्री से भारी संख्या में कर्मचारी दीवारें फांदकर वहां से भाग रहे हैं।

दीवार फांदकर भाग गए कर्मचारी
चीन में कोविड-19 पर काबू पाने के लिए शहरों में बार-बार लॉकडाउन लगाया जा रहा है। लॉकडाउन की पाबंदियों से चीन के लोग इस कदर परेशान हैं कि वे इससे बचने के लिए अपनी जान भी जोखिम में डालने को तैयार हैं। बता दें कि, चीन के Zhengzhou City में स्थित Apple iPhone निर्माता फॉक्सकॉन की सबसे बड़ी फैक्ट्री से कर्मचारी निकलकर भाग रहे हैं। लोग काफी घबराए हुए दिख रहे हैं। लॉकडाउन के कारण कहीं फैक्ट्री में ही न फंसे रह जाएं इस डर से कर्मचारी बेतहाशा भागते नजर आ रहे है। चीनी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आने वाले महीनों में Apple के प्रमुख डिवाइस का उत्पादन धीमा हो सकता है।

चीन में सख्त कोविड नीति
वहीं, चीन में सख्त जीरो कोविड नीति के तहत इलाके में सिर्फ आवश्यक सामान को ले जाने वाले वाहनों के अलावा किसी भी अन्य वाहन की आवाजाही की अनुमति नहीं है। इसके अलावा भी चीन के कई इलाकों में कोरोना लॉकडाउन लगाया गया है। चीन के एक बड़े शहर वुहान के आधे इलाके में लॉकडाउन चल रहा है। वहीं, कोरोना मरीजों को क्वारंटाइन किया जा रहा है और उन्हें आपातकालीन चिकित्सा उपचार के लिए कोविड अस्पाताल में भेजा जा रहा है। बाकी लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है।
2 लाख कर्मचारी करते हैं काम...भाग गए डर से!
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में कर्मचारी फॉक्सकॉन की फैसिलिटी से बाहर निकलते नजर आए। कई कर्मचारी खराब स्थिति की शिकायत कर रहे थे और कोविड परिवहन प्रतिबंधों से बचने के लिए कारखाने से पैदल भागना पड़ रहा था। खबर के मुताबिक फैक्ट्री में करीब 2 लाख कर्मचारी काम करते हैं। जिनमें से कुछ को क्वारंटाइन किया गया है और बाकी सब भाग गए।

100 किमी पैदल चलकर घर जा रहे लोग
बता दें कि चीन में लोग कोरोना लॉकडाउन से इस कदर डरे हुए हैं कि, एप्पल आईफोन बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी और मजदूर किसी भी तरह वहां भागकर अपने घर पहुंचना चाहते हैं। वायरल वीडियो में फैक्ट्री से भागे कर्मचारियों को अपना सामन कंधे पर उठाए रात में सूनसान सड़कों पर पैदल चलते-भागते दिखाया गया है। ये सभी पैदल ही अपने घरों की ओर जाते नजर रहे हैं। कर्मचारी रात-दिन 100 किलोमीटर तक का सफर तय कर रहे हैं। इस बीच खबर है कि उन्हें खाने-पीने के भी लाले पड़ गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की कोविड जीरो पॉलिसी के तहत जहां भी कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं, वहां फिर से लॉकडाउन लगाया जा रहा है। इस पॉलिसी के तहत बड़ी आबादी वाले झेंगझोऊ (Zhengzhou) में लॉकडाउन का ऐलान किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications