Venezuela-US Tension:‘वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया’, ट्रंप का सनसनीखेज दावा
Venezuela Caracas Blasts: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (Nicolas Maduro) और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को हिरासत में ले लिया है।
ट्रंप के इस बयान के बाद पूरी दुनिया की निगाहें लैटिन अमेरिका पर टिक गई हैं। यह दावा ऐसे समय आया है, जब वेनेजुएला की राजधानी काराकस में संदिग्ध हवाई हमलों और जोरदार धमाकों की खबरें सामने आई थीं।

काराकस में धमाकों से दहला शहर
शनिवार को काराकस में अचानक कई बड़े धमाकों की आवाजें सुनी गईं। चश्मदीदों के मुताबिक, सरकारी इमारतों के आसपास काला धुआं उठता देखा गया, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। कुछ इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं भी बाधित होने की खबरें आईं। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ये धमाके संभावित रूप से अमेरिकी हवाई हमलों से जुड़े हो सकते हैं।
लैटिन अमेरिका में सबसे बड़ा राजनीतिक उलटफेर?
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि अमेरिकी सुरक्षा बलों ने एक विशेष सैन्य अभियान के तहत यह कार्रवाई की। उनके मुताबिक, इन हमलों में मादुरो के सुरक्षा घेरे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जिसके बाद अमेरिकी विशेष बलों ने उन्हें और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया। ट्रंप ने इसे "लोकतंत्र और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए जरूरी कदम" बताया।
अगर यह दावा सही साबित होता है, तो इसे लैटिन अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा सैन्य और राजनीतिक उलटफेर माना जा सकता है। निकोलस मादुरो लंबे समय से अमेरिका और पश्चिमी देशों के निशाने पर रहे हैं। उन पर चुनाव में धांधली, मानवाधिकार उल्लंघन और तानाशाही शासन चलाने के आरोप लगते रहे हैं। अमेरिका पहले ही मादुरो सरकार पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा चुका है।
मादुरो कहां हैं? अब भी सस्पेंस
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि निकोलस मादुरो को रखा कहां गया है। वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सरकारी टेलीविजन पर आकर कहा कि देश अमेरिकी राष्ट्रपति के दावों के बाद राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी के जिंदा होने का सबूत मांगता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकार को इस वक्त राष्ट्रपति और प्रथम महिला के ठिकाने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा,ट्रंप द्वारा यह कहे जाने के बाद कि राष्ट्रपति मादुरो को पकड़ लिया गया है, वेनेजुएला की जनता को यह जानने का अधिकार है कि वे जीवित हैं या नहीं। सरकार को फिलहाल उनके स्थान की जानकारी नहीं है।
ट्रंप के इस दावे के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता बढ़ गई है। कई देशों ने घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात कही है, वहीं कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह कार्रवाई सच है, तो इससे क्षेत्रीय युद्ध जैसी स्थिति भी बन सकती है। संयुक्त राष्ट्र और अन्य वैश्विक संस्थाओं की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
वेनेजुएला में आगे क्या?
वेनेजुएला पहले से ही गंभीर आर्थिक संकट, महंगाई और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। ऐसे में राष्ट्रपति के कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने की खबरें देश को और गहरे संकट में धकेल सकती हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले घंटों में वेनेजुएला सरकार, सेना और अंतरराष्ट्रीय शक्तियां इस घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाती हैं।
नोट: यह पूरा घटनाक्रम अभी दावों और रिपोर्ट्स पर आधारित है। आधिकारिक पुष्टि और ज़मीनी सच्चाई सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications