'नॉरमैंडी से कंधार तक, हम आपके साथ लड़े और मरे', टैरिफ के बदले टैरिफ के बाद ट्रूडो ने अमेरिकियों से क्या कहा?
Canada PM Justin Trudeau: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जैसे ही कनाडा से आयात की जाने वाली सभी वस्तुओं पर 25% इंपोर्ट ड्यूटी लगाने का आदेश दिया, उसके अगले ही दिन जवाबी फैसला लेते हुए कनाडा के कार्यवाहक प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी अमेरिकी आयात पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है।
पीएम जस्टिन ट्रूडो ने इस फैसले को लेने के बाद अमेरिकियों को इमोशनल मैसेज दिया। जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि उनके पास जवाबी फैसला देने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। ओटावा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जस्टिन ट्रूडो ने अमेरिकियों को सीधे संबोधित किया और दोनों पड़ोसी देशों के साझा इतिहास के बारे में बात की और सैन्य गठबंधनों का जिक्र किया।

जस्टिन ट्रूडो ने कहा- ट्रंप को हमसे साझेदारी करना चाहिए, दंडित नहीं!
जस्टिन ट्रूडो ने कहा, "हां, अतीत में हमारे बीच मतभेद रहे हैं, लेकिन हमने हमेशा उनसे निपटने का कोई न कोई तरीका ढूंढ़ ही लिया है। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, अगर राष्ट्रपति ट्रंप संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए एक नए स्वर्ण युग की शुरुआत करना चाहते हैं, तो बेहतर तरीका कनाडा के साथ साझेदारी करना है, न कि हमें दंडित करना।"
ट्रूडो ने कहा कि हालांकि उनकी सरकार स्थिति को और खराब नहीं करना चाहती, लेकिन वह कनाडाई लोगों और उनकी नौकरियों के लिए खड़ी रहेगी। ट्रूडो ने कहा, "हम निश्चित रूप से स्थिति को और खराब नहीं करना चाहते। लेकिन हम कनाडा, कनाडाई लोगों और कनाडाई नौकरियों के लिए खड़े रहेंगे।" ट्रूडो ने घोषणा की थी कि उनकी पार्टी द्वारा नया नेता चुने जाने के बाद वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
जस्टिन ट्रूडो बोले- नॉरमैंडी से कंधार तक, हम आपके साथ लड़े और मरे हैं
प्रेस कॉन्फ्रेंस से सीधे अमेरिकियों को संबोधित करते हुए ट्रूडो ने कहा कि उनके पास जवाबी कार्रवाई करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। ट्रूडो ने कहा, "नॉरमैंडी के समुद्र तटों से लेकर कोरियाई प्रायद्वीप के पहाड़ों तक, फ्लैंडर्स के खेतों से लेकर कंधार की सड़कों तक, हमने आपके सबसे बुरे समय में आपके साथ लड़ाई लड़े और मरे भी। हमने दुनिया में अब तक देखी गई सबसे सफल आर्थिक, सैन्य और सुरक्षा साझेदारी बनाई है...हम हमेशा आपके साथ खड़े हैं।"
ट्रूडो ने कहा कि आने वाले सप्ताह न केवल कनाडाई लोगों के लिए बल्कि अमेरिकियों के लिए भी मुश्किल होंगे क्योंकि वहां के लोगों को ट्रंप के द्वारा लिए गए फैसलों का नुकसान उठाना पड़ेगा।
ट्रूडो ने अमेरिकी नागरिकों से कहा, "कनाडा के खिलाफ टैरिफ आपकी नौकरियों को खतरे में डाल देंगे, संभावित रूप से अमेरिकी ऑटो असेंबली प्लांट और अन्य विनिर्माण सुविधाएं बंद हो जाएंगी। वे आपके लिए लागत बढ़ाएंगे।''












Click it and Unblock the Notifications