हिंदुओं पर हमले बर्दाश्त नहीं, भारत से रिश्ते.... कनाडा के मुख्य विपक्षी नेता ने जस्टिन ट्रूडो को फटकारा
Canada News: कनाडा के मौजूदा प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तान प्रेम में आकर भारत के साथ संबंधों को खराब कर दिया है और अब स्थिति ये है, कि पिछले हफ्ते भारत की सख्ती के बाद कनाडा को भारत से 41 डिप्लोमेट्स को बाहर निकालना पड़ा। वहीं, जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के तार भारत से जोड़कर दोनों देशों के संबंध को अत्यधिक खराब कर दिया है।
लेकिन, अब कनाडा के मुख्य विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने जस्टिन ट्रूडो को जोर का झटका दिया है और उन्होंने ऐलान किया है, कि अगर वो कनाडा के अगले प्रधानमंत्री बनते हैं, तो वो भारत के साथ संबंधों को फिर से नये सिरे से बहाल करेंगे।

पियरे पोइलिवरे का ऐलान
पियरे पोइलिवरे ने साफ साफ शब्दों में कहा है, कि हिंदुओं और हिन्दू मंदिरों पर होने वाले हमलों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका साफ इशारा खालिस्तानियों की तरफ था, जो कनाडा में अकसर हिन्दू मंदिरों पर बर्बर हमले करते रहते हैं।
कनाडा की कंजर्वेटिव पार्टी के प्रमुख और विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने कहा है, कि प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो आठ साल तक सत्ता में रहने के बाद भारत के साथ तनावपूर्ण संबंधों की कीमत के लायक नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि जब वह कनाडा के प्रधानमंत्री का पद संभालेंगे तो भारत और कनाडा के बीच रिश्ते बहाल करेंगे।
पॉइलिवरे ने नमस्ते रेडियो टोरंटो के साथ एक इंटरव्यू में कहा, कि "हमें भारत सरकार के साथ प्रोफेशनल रिश्ते बनाने की ज़रूरत है। भारत, दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। और हमारी असहमति होना और एक-दूसरे को जवाबदेह ठहराना ठीक है, लेकिन हमें एक प्रोफेशनल रिश्ता रखना होगा, और जब मैं इस देश का प्रधान मंत्री बनूंगा तो मैं इसे बहाल करूंगा।"
जब कनाडाई मुख्य विपक्षी नेता से नई दिल्ली से 41 कनाडाई डिप्लोमेट्स को निकाले जाने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसके लिए जस्टिन ट्रूडो को दोषी ठहराया। उन्होंने इस घटना के लिए जस्टिन ट्रूडो को 'अक्षम और गैर-प्रोफेशनल' करार दिया।
उन्होंने कहा कि कनाडा, अब भारत सहित दुनिया की लगभग हर प्रमुख शक्ति के साथ बड़े विवादों में है।

कनाडा में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ की रिपोर्टों के बारे में कनाडा के मुख्य विपक्षी नेता ने कहा, कि "मेरा मानना है, कि जो लोग हिंदू मंदिरों में संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं, या लोगों को नुकसान पहुंचाते हैं, उन्हें किसी अन्य मामले की तरह ही आपराधिक आरोपों का सामना करना चाहिए।"
कनाडा के प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या और भारत सरकार के बीच "संभावित संबंध" होने का दावा करने के बाद भारत और कनाडा के बीच राजनयिक संबंधों में खटास आ गई। निज्जर की जून में कनाडा में एक गुरुद्वारे के बाहर दो अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications