मोदी सरकार के कड़े रुख के बाद PM ट्रूडो के तेवर हुए ठंडे, कहा- भारत बड़ी आर्थिक ताकत, हम अच्छे रिश्ते चाहते
भारत-कनाडा के बीच जारी विवाद में भारत ने 'जैसो को तैसा नीति' के तहत कनाडा को उसी की भाषा में जवाबा दिया है। दुनिया भर में अपने बयान की वजह से थू-थू करवा चुके ट्रूडो के सुर बदलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
एक ताजा बयान में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार की संलिप्तता के 'विश्वसनीय आरोपों' के बावजूद, कनाडा अभी भी भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कनाडा स्थित नेशनल पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया भर में भारत के बढ़ते प्रभाव की ओर इशारा करते हुए ट्रूडो ने कहा कि यह 'बेहद महत्वपूर्ण' है कि कनाडा और उसके सहयोगी भारत के साथ जुड़े रहें।
गुरुवार को मॉन्ट्रियल में एक संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए, ट्रूडो ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह 'बेहद महत्वपूर्ण' है कि कनाडा और उसके सहयोगी विश्व मंच पर भारत के बढ़ते महत्व को देखते हुए उसके साथ 'रचनात्मक और गंभीरता से' जुड़ते रहें।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "भारत एक बढ़ती आर्थिक शक्ति और महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक खिलाड़ी है। और जैसा कि हमने पिछले साल अपनी इंडो-पैसिफिक रणनीति प्रस्तुत की थी, हम भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने को लेकर बहुत गंभीर हैं।"
इसके साथ ही जाहिर तौर पर कानून के शासन वाले देश के रूप में हम इस बात पर जोर देते हैं कि भारत को यह सुनिश्चित करने के लिए कनाडा के साथ काम करने की जरूरत है कि हमें इस मामले के पूरे तथ्य मिलें।
इसके साथ ही ट्रूडो ने कहा कि उन्हें अमेरिका से आश्वासन मिला है कि विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन वाशिंगटन डीसी में अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर के साथ बैठक के दौरान निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका के बारे में सार्वजनिक रूप से लगाए गए आरोपों को उठाएंगे। (हालांकि जयशंकर-ब्लिंकन के बीच हुई इस बातचीत में ये मुद्दा नहीं उठा)
जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि 'अमेरिका ने भारत सरकार से बात करने में हमारा साथ दिया है। यह जरूरी है कि वे उन विश्वसनीय आरोपों पर कार्रवाई में शामिल हों कि भारत सरकार के एजेंटों ने कनाडाई धरती पर एक कनाडाई नागरिक की हत्या कर दी'
आपको बता दें कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बीते दिनों कनाडा की संसद में दिए एक बयान में आरोप लगाया था कि खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत का हाथ हो सकता है। इस पर भारत सरकार ने कनाडा से कानूनी सबूत पेश करने को कहा था लेकिन अभी तक कनाडा ने भारत को कोई सबूत नहीं दिया है।












Click it and Unblock the Notifications