बर्निंग मैन फेस्टिवल: US के नेवाडा में भारी बारिश से रेगिस्तान बना दलदल, 70 हजार से अधिक लोग फंसे
अमेरिका के नेवाडा में बर्निंग मैन फेस्टिवल में शामिल हुए लगभग 70 हजार लोग कीचड़ में फंस गए हैं। इसमें से कम से कम एक शख्स की मौत की पुष्टि भी हुई है। उत्सव के आयोजकों ने इस आयोजन में शामिल हजारों लोगों को भोजन, पानी और ईंधन बचाने के लिए कहा है।
आपको बता दें कि अमेरिका के नेवाडा राज्य में हर साल हजारों लोग एक कल्चरल फेस्टिवल मनाने के लिए ब्लैक रॉक रेगिस्तान में इकट्ठा होते हैं। इस बार इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हजारों लोग आए। यह कार्यक्रम 27 अगस्त को शुरू हुआ था और इसे 4 सितंबर तक चलना था।

इसी बीच नेवाडा में हुई कई घंटों तक बारिश से पूरा रेगिस्तानी इलाका कीचड़ में बदल गया। बालू से बना कीचड़ इतना खतरनाक हो गया कि इससे लोग चल भी नहीं पा रहे हैं। अमेरिका के लैंड मैनेजमेंट ब्यूरो ने कहा कि कीचड़ के बीच गाड़ी चलाना मौत को निमंत्रण देना है।
Recommended Video
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा रेनो से लगभग 110 मील (177 किलोमीटर) उत्तर में स्थित उत्सव स्थल पर शुक्रवार को डेढ़ इंच से अधिक बारिश हुई। रविवार को कम से कम एक चौथाई इंच बारिश होने की उम्मीद है। ऐसे में लोगों के पास जरूरत का सारा सामान होना जरूरी है। साइट पर मौजूद हजारों लोगों को सुरक्षित जगह देखकर शरण लेने के लिए कहा गया है।
आपको बता दें कि जहां ये आयोजन हो रहा है वह ब्लैक रॉक दुनिया के सबसे बेजान रेगिस्तानों में से एक है। यहां लोग कैंप लगाकर कई दिनों तक रहते हैं। अब इमरजेंसी सर्विसज के अलावा इस इलाके में सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। आयोजकों का कहना है कि लोग कई दिनों तक यहां फंसे रह सकते हैं।
डायचे वेले की रिपोर्ट के मुताबिक बर्निंग मैन फेस्टिवल पहली बार 1986 में सैन फ्रांसिस्को में शुरू हुआ था। 1990 के दशक में इसे नेवादा में ब्लैक रॉक रेगिस्तान में स्थानांतरित कर दिया गया। यह उत्सव बहुविविधता, संगीत और आध्यात्मिकता का मिश्रण है।
इस फेस्टिवल का आयोजन अमेरिका में छुट्टियों के दौरान मनाया जाता है। पिछले साल बर्निंग मैन फेस्टिवल में 75 हजार से अधिक लोग पहुंचे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार कम से कम 70 हजार लोग यहां इकठ्ठा हुए होंगे।
यहां दुनियाभर से आए लोग सेलफोन, इंटरनेट जैसी अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं से दूर रहकर पारंपरिक नाच-गाने और गीत संगीत के बीच एक सप्ताह गुजारते हैं। 'बर्निंग मैन' नाम इसलिए पड़ा क्योंकि फेस्टिवल का समापन 40 फीट ऊंची कलाकृतियों को जलाकर होता है।
फेस्टिवल में आने वाले लोगों को अपने तरीके से जीने की आजादी दी जाती है। उन पर किसी भी तरह की रोक नहीं लगाई जाती। हालांकि, यहां पर ऐसी किसी भी चीज का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं, जो पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए। इसकी वजह से यहां पर प्लास्टिक के सामान से बैन हैं।












Click it and Unblock the Notifications