ट्रंप की टैरिफ नीतियों के खिलाफ एकजुट हुआ BRICS, एकतरफा टैरिफ के खिलाफ दी चेतावनी
BRICS के नेताओं ने शनिवार को टैरिफ और दूसरे व्यापार प्रतिबंधों के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई। BRICS नेताओं ने कहा कि टैरिफ वैश्विक व्यापार और आर्थिक विकास को नुकसान पहुंचा सकते हैं। यह मुद्दा नई दिल्ली में हुए BRICS शिखर सम्मेलन में अपनाए गए नई दिल्ली घोषणा पत्र का हिस्सा था। यह बात ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपनी व्यापार नीतियों के तहत टैरिफ की धमकियों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

BRICS ने कहा- वैश्विक व्यापार चौराहे पर
BRICS देशों ने कहा कि बढ़ते टैरिफ, व्यापार बाधाएं और संरक्षणवादी नीतियां दुनिया के देशों और कारोबार के लिए अनिश्चितता पैदा कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इन कदमों से सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती हैं, आर्थिक असमानता बढ़ सकती है और वैश्विक विकास की रफ्तार धीमी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: 'नियम मानने वाले नहीं, नियम बनाने वाले बनें', 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में क्या-क्या बोले पीएम मोदी?
नई दिल्ली घोषणा पत्र में BRICS नेताओं ने कहा, "हम एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों में बढ़ोतरी को लेकर गंभीर चिंता जताते हैं, जो व्यापार को प्रभावित करते हैं और WTO के नियमों के अनुरूप नहीं हैं... हम व्यापार में आने वाली रुकावटों और उभरते बाजारों तथा विकासशील अर्थव्यवस्थाओं (EMDEs) की जरूरतों और प्राथमिकताओं के प्रति WTO की प्रतिक्रिया को बेहतर बनाने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे। इसके साथ ही लंबित मुद्दों पर चर्चा को आगे बढ़ाएंगे और ऐसे संतुलित, समावेशी और ठोस नतीजों का समर्थन करेंगे, जो बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को मजबूत करें और उसे बदलती वैश्विक चुनौतियों से बेहतर तरीके से निपटने में सक्षम बनाएं।"
नेताओं ने यह भी कहा कि वैश्विक व्यापार व्यवस्था "एक चौराहे पर" है। उन्होंने WTO के जरिए सहयोग को और मजबूत करने की भी अपील की।
ट्रंप ने डॉलर को लेकर BRICS को दी थी चेतावनी
BRICS का यह बयान इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप की ओर से समूह को दी गई चेतावनी के बाद आया है। ट्रंप ने पहले चेतावनी दी थी कि अगर BRICS देश नई BRICS मुद्रा बनाने या अमेरिकी डॉलर की जगह किसी दूसरी मुद्रा को बढ़ावा देने की योजना बनाते हैं, तो उन्हें 100 प्रतिशत टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है।
ट्रंप की यह चेतावनी उस समय आई थी, जब BRICS के सदस्य देश आपसी व्यापार में अपनी राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा कर रहे थे। BRICS ने साझा मुद्रा की दिशा में आगे कदम नहीं बढ़ाया। इसके बजाय समूह ने व्यापार के लिए राष्ट्रीय मुद्राओं के इस्तेमाल और वैकल्पिक भुगतान प्रणालियों पर चर्चा पर ध्यान केंद्रित किया।
BRICS देशों ने की अपनी-अपनी व्यापार वार्ता
ट्रंप की टैरिफ धमकी ने BRICS के अलग-अलग देशों को अमेरिका के साथ अपनी व्यापार वार्ता पर ध्यान केंद्रित करने के लिए भी प्रेरित किया। देशों को अपने निर्यात और अर्थव्यवस्थाओं पर अमेरिका की ओर से लगाए जा सकने वाले ऊंचे टैरिफ के संभावित असर पर विचार करना पड़ा।
इससे यह भी सामने आया कि BRICS के लिए एक आर्थिक समूह के रूप में एक साथ काम करना आसान नहीं है। इसके सदस्य देशों के आर्थिक हित अलग-अलग हैं और उनमें से कई देशों के अमेरिका के साथ महत्वपूर्ण व्यापारिक संबंध हैं।
ये भी पढ़ें: 'गरीबी को पर्दों से क्यों ढंका गया', BRICS के लिए सजी दिल्ली की खुली पोल, लोग बोले-ये है बढ़ती हुई GDP


Click it and Unblock the Notifications
