Brazil India Deal: ब्राजील के राष्ट्रपति लूला और PM मोदी की बड़ी बैठक, क्या होगी डील?कूटनीतिक तौर पर कितना खास
Brazil President Lula India Visit 2026: भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक संबंधों में शनिवार, 21 फरवरी को एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा (Luiz Inácio Lula da Silva) की 5 दिवसीय राजकीय यात्रा न केवल व्यापारिक दृष्टिकोण से, बल्कि भविष्य की तकनीक और 'ग्लोबल साउथ' (Global South) की एकजुटता के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक फोरकोर्ट में सुबह एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा की अगवानी की।

राष्ट्रपति लूला को पारंपरिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया, जिसके बाद उन्होंने तीनों सेनाओं की टुकड़ी का निरीक्षण किया।
India Brazil Trade USD 20 Billion: 300 सदस्यीय दल के साथ भारत आएं, व्यापारिक कूटनीति को मिलेगा बल
राष्ट्रपति लूला अपनी इस यात्रा पर अकेले नहीं आए हैं। उनके साथ ब्राजील की 300 से अधिक दिग्गज कंपनियों के मालिकों, शीर्ष अधिकारियों और 14 मंत्रियों का एक विशाल प्रतिनिधिमंडल भारत पहुंचा है। विशेषज्ञों का मानना है कि ब्राजील के कार्निवल (सबसे बड़ा त्योहार) के दौरान इस विशाल प्रतिनिधिमंडल का भारत आना व्यापारिक संबंधों के प्रति ब्राजील की 'गंभीर प्रतिबद्धता' को दर्शाता है। साल 2025 में दोनों देशों का व्यापार $15.2 बिलियन रहा, जिसे 2030 तक $20 बिलियन के पार ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
AI Impact Summit 2026: डिजिटल दुनिया अपने वतन लौटी है
द्विपक्षीय वार्ता से पहले राष्ट्रपति लूला ने 19-20 फरवरी को भारत मंडपम में आयोजित 'AI इम्पैक्ट समिट 2026' में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारत के गणितीय इतिहास की सराहना करते हुए कहा डिजिटल दुनिया आज अपने वतन लौटी है। भारत के गणितज्ञों ने ही 2,000 साल पहले 'बाइनरी सिस्टम' दिया था, जो आज की आधुनिक कंप्यूटिंग का आधार है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वैश्विक शासन के लिए संयुक्त राष्ट्र (UN) के नेतृत्व में एक समावेशी ढांचे की वकालत की, ताकि तकनीक अमीर और गरीब देशों के बीच की खाई को और न बढ़ाए।
PM Modi President Lula Meeting Timing: आज की द्विपक्षीय वार्ता के मुख्य एजेंडे
आज दोपहर हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच उच्च स्तरीय वार्ता होगी। चर्चा के मुख्य केंद्र बिंदु हैं:
क्रिटिकल मिनरल्स (महत्वपूर्ण खनिज): भारत चीन पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए ब्राजील से दुर्लभ मृदा (Rare Earth) खनिजों की आपूर्ति पर एक महत्वपूर्ण समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर कर सकता है।
रक्षा और विमानन: ब्राजीलियाई कंपनी एम्ब्रेयर (Embraer) और भारत के अडाणी समूह व महिंद्रा के बीच विमान निर्माण को लेकर हुए समझौतों की समीक्षा की जाएगी।
वीजा प्रणाली: भारतीयों के लिए 10 साल की 'मल्टीपल एंट्री' वीजा प्रणाली शुरू करने पर भी चर्चा संभव है।
ग्लोबल साउथ में बढ़ती वैश्विक चुनौतियां
दोनों नेता केवल व्यापार ही नहीं, बल्कि वैश्विक राजनीति पर भी चर्चा करेंगे। अमेरिकी टैरिफ नीतियों के बीच भारत और ब्राजील जैसे 'मिडिल पावर' देशों का एक साथ आना एक मजबूत कूटनीतिक संदेश है। पीएम मोदी ने इस साझेदारी को "लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता" करार दिया है।
पीएम मोदी औऱ राष्ट्रपति मुर्मू संग करेंगे डिनर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति लूला के सम्मान में औपचारिक भोज का आयोजन करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी ब्राज़ील के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगी और उनके सम्मान में भोज देंगी। राष्ट्रपति लूला की मुलाकात उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी प्रस्तावित है। इन बैठकों में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों, बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग, वैश्विक शासन और ग्लोबल साउथ से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा का यह दौरा भारत-ब्राज़ील रिश्तों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। कूटनीति, व्यापार, तकनीक और वैश्विक राजनीति के लिहाज से यह यात्रा दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा और नई ऊर्जा देने वाली साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications