UN COP30 समिट में सुरक्षा चूक? ब्लू जोन में आग लगने से 13 लोग प्रभावित, डरे सहमे दिखे डेलिगेट्स
UN COP30 Brazil Fire: ब्राज़ील के बेलें शहर में आयोजित हो रहे COP30 जलवायु शिखर सम्मेलन में गुरुवार,20 नवंबर की दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सम्मेलन स्थल के एक पवेलियन में आग लगते ही सायरन बजने लगे और प्रतिनिधियों को तुरंत बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई।
घटना के बाद कुछ देर के लिए समिट की कार्यवाही रोक दी गई, हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रण में ले ली गई। अब तक इस हादसे में 13 लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आ रही है।

पवेलियन में दिखी आग, धुएं से भर गया हाल
स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2 बजे एक प्रदर्शनी पवेलियन के अंदर लगी लाइनिंग में आग भड़कती दिखाई दी। आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया। सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत इलाके को सील किया और सभी प्रतिभागियों को बाहर निकालना शुरू किया।
आपातकालीन टीमों ने स्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। रिपोर्ट्स के अनुसार, 13 लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत हुई, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
कुछ देर के लिए रोकना पड़ा समिट
बेलें में चल रहे COP30 में 50,000 से अधिक प्रतिनिधि, पत्रकार और जलवायु कार्यकर्ता शामिल हैं। लगभग 200 देशों के वार्ताकार ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कटौती को लेकर महत्वपूर्ण समझौते पर बातचीत कर रहे थे, तभी आग की घटना ने पूरे कार्यक्रम को बाधित कर दिया।
यह आग समिट के उस चरण में लगी जब वार्ताएं निर्णायक मोड़ पर पहुंच रही थीं। थोड़ी देर की देरी के बाद भी आयोजकों ने आश्वासन दिया कि सभी सेफ्टी चेक पूरे होने के बाद समिट सामान्य रूप से जारी रहेगी।
पहले से आलोचना झेल रहा है COP30 का आयोजन स्थल
इस बीच, सम्मेलन स्थल पर व्यवस्था को लेकर पहले से ही कई शिकायतें सामने आई थीं जिसमें भारी बारिश के कारण मुख्य हॉल में जलभराव, उमस के बीच एयर कंडीशनिंग सिस्टम का बार-बार फेल होना। आयोजकों की ओर से बयान आया है कि अग्निशमन विभाग और सुरक्षा एजेंसियों ने स्थल का पूरा निरीक्षण शुरू कर दिया है। सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। सभी जांच पूरी होने के बाद कार्यक्रम निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications