राष्ट्रपति बाइडेन ने पेश किया 6.9 ट्रिलियन डॉलर का विशालकाय बजट, जानिए अमेरिकी बजट की बड़ी बातें
बाइडेन के सामने सबसे बड़ी चुनौती बजट के संसद में पास कराना है, जहां ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी बहुमत में है। वहीं, चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने भी बजट की आलोचना कर बाइडेन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

US Budget 2023-24: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गुरुवार को देश का बजट जारी कर दिया है, जिसमें उन्होंने देश की सामाजिक सुरक्षा जाल को विस्तार देने और अर्थव्यवस्था को बदलने के लिए अमेरिका के अमीरों पर टैक्स लगाने का प्रस्ताव रखा है। माना जा रहा है, कि बाइडेन ने जो बजट पेश किया है, उसका मकसद आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए रास्ता तैयार करना है। हालांकि, बजट को लेकर काफी सख्त रहे रिपब्लिकन नेता, बजट प्रस्ताव को लेकर थोड़ी नरमी दिखा रहे हैं और माना जा रहा है, कि हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में बाइडेन का बजट पास कर दिया जाएगा, जहां रिपब्लिकन पार्टी को बहुमत है।

बाइडेन का बजट कैसा है?
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 6.9 ट्रिलियन डॉलर का महाविशालकाय बजट पेश किया है, जिसमें अमीरों पर टैक्स लगाने का प्रावधान किया गया है। हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में रिपब्लिकन सांसदों का समर्थन हासिल करने के लिए उन्होंने उन्हें बजट दिखाया और उन्हें बताया, कि वो किन कार्यक्रमों में कटौती करना चाहते हैं। बाइडेन के बजट में मेडिकेयर में सॉल्वेंसी बढ़ाने, कम इनकम वाले परिवारों के छात्रों के लिए नई योजनाएं, चाइल्ड केयर और फ्री कम्युनिटी कॉलेज को सब्सिडी देने के प्रस्ताव शामिल हैं। राष्ट्रपति बाइडेन ने वित्तवर्ष 2023-24 के लिए 6.9 ट्रिलियन डॉलर का बजट पेश किया है, जो पिछले बजट के मुकाबले 8 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं, बाइडेन ने पिछले साल के मुकाबले देश के रक्षा बजट में इस वित्तवर्ष 3.2 प्रतिशत की वृद्धि की है। राष्ट्रपति बाइडेन के बजट में इस साल चाइल्ड केयर, मेडिकेयर और सामाजिक सुरक्षा जैसे कार्यक्रमों के लिए अनिवार्य खर्च में 3.2% की वृद्धि का प्रस्ताव किया गया है।

5 ट्रिलियन डॉलर के नये टैक्स का प्रस्ताव
राष्ट्रपति बाइडेन के बजट ने निगमों और सबसे धनी अमेरिकियों पर टैक्स को बढ़ाने के कई प्रस्तावों को पुनर्जीवित किया है। बजट में 10 सालों में लगभग 5 ट्रिलियन डॉलर के नए टैक्स शामिल किए हैं। नये टैक्स प्रस्ताव का डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने स्वागत किया है, जिसमें अमेरिका के सबसे ज्यादा अमीरों पर भारी-भरकम टैक्स लगाया गया है, जिसे 'अरबपति टैक्स' कहा गया है। बजट में अमेरिका के 0.1 प्रतिशत सबसे ज्यादा अरबतियों को अब अपनी कमाई का कम से कम 25 प्रतिशत टैक्स के रूप में भुगतान करना होगा। पिछले साल के बजट में बाइडेन प्रशासन ने ऐसे अरबपतियों को 20 प्रतिशत टैक्स सीमा में रखा था, जिसे बढ़ाकर अब 25 प्रतिशत कर दिया गया है। बाइडेन के 182 पन्नों के बजट दस्तावेज में कहा गया है, कि "कभी भी किसी अरबपति को, किस स्कूल टीचर या किसी फायरमैन की तुलना में कम टैक्स का भुगतान नहीं करना चाहिए।"

कैसा है अमेरिका का रक्षा बजट?
बाइडेन प्रशासन ने जो गुरुवार को बजट का प्रस्ताव रखा है, उसमें रक्षा विभाग का खर्च वित्त वर्ष 2024 में बढ़ाकर 842 अरब डॉलर करने का प्रस्ताव रखा है, जो वित्त वर्ष 2023 की तुलना में 3.2% ज्यादा है। हालांकि, बाइडेन प्रशासन ने देश के रक्षा बजट को लेकर अभी तक सीमित जानकारियां ही जारी की हैं, लेकिन रक्षा बजट का हाइलाइट 9.1 अरब डॉलर का पैसिफ़िक डिटेरेंस इनिशिएटिव है, जिसका मकसद चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच क्षेत्र में अमेरिकी सेना की स्थिति को मजबूत करना है। वहीं, रक्षा विभाग के लिए यूएस परमाणु शस्त्रागार का आधुनिकीकरण जारी रखने के लिए 37.7 अरब डॉलर का प्रस्ताव रखा गया है। राष्ट्रपति बाइडेन ने बजट को लेकर देश की संसद के लिए जो संदेश लिखा है, उसमें उन्होंने कहा है, कि "यह बजट वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और अमेरिका को सुरक्षित रखने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।" उन्होंने लिखा है, कि "यह विश्व स्तर पर चीन से प्रतिस्पर्धा करने और यूक्रेन के खिलाफ रूसी जंग में अमेरिकी समर्थन जारी रखने के लिए महत्वपूर्ण निवेश की रूपरेखा तैयार करता है।"

कांग्रेस में पास करवा पाएंगे बजट?
बाइडेन के बजट प्रस्ताव में सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगभग 25 अरब डॉलर का प्रस्ताव किया गया है और पिछले बजट के मुकाबले 800 मिलियन डॉलर की वृद्धि की गई है। हालांकि, रिपब्लिकन पार्टी अभी तक बजट को लेकर पूरी तरह से संतुष्ट नहीं है और हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के स्वीकर केविन मैककार्थी राष्ट्रपति के बजट प्रस्ताव को वास्तविकता से "पूरी तरह से अनजान" बताया है, लिहाजा बाइडेन अपने बजट को कांग्रेस में पास करवा पाएंगे या नहीं, ये एक बड़ा सवाल है। रिपब्लिकन पार्टी, जो अब सदन को नियंत्रित करती हैं, उसने कहा है, कि टैक्स बढ़ाने की किसी भी योजना के साथ जाने का उनका कोई इरादा नहीं है। संघीय सरकार कितना पैसा उधार ले सकती है, इसकी सीमा बढ़ाने की लड़ाई के बीच बजट वार्ता भी हुई है। सदन के नेताओं का कहना है, कि जब तक बाइडेन खर्च में कटौती करने के लिए सहमत नहीं होंगे, तब तक वे कर्ज की सीमा नहीं बढ़ाएंगे।
Recommended Video


यूएस चैम्बर ने खारिज किया बजट प्रस्ताव
राष्ट्रपति बाइडेन के बजट ब्लूप्रिंट को यूएस. चैंबर ऑफ कॉमर्स से बड़ी प्रतिक्रिया मिली है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के नीति प्रमुख नील ब्रैडली ने बजट प्लान को "आर्थिक और वित्तीय आपदा के लिए नुस्खा" कहा। ब्रैडली ने कहा, कि नए खर्च और नये टैक्स का प्रस्ताव करने के बजाय, प्रशासन को खर्च में कटौती और संघीय ऋण को कम करने के लिए कांग्रेस के साथ काम करना चाहिए था। वहीं, राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा, कि उनका बजट सामाजिक सुरक्षा और चिकित्सा क्षेत्र के लिए है और रिपब्लिकन पार्टी की सोच के विपरीत है, जो अभी तक यह बताना नहीं चाहते हैं, कि वो किन घरेलू कार्यक्रमों में कटौती करना चाहते हैं।" बाइडेन ने कहा, कि "मेरे बजट में एक और महत्वपूर्ण बिंदु के बारे में स्पष्ट रहें। मैं आपको गारंटी देता हूं, कि मैं सामाजिक सुरक्षा और मेडिकेयर की रक्षा करूंगा। मैं इसे नष्ट या समाप्त नहीं होने दूंगा, जैसा कि रिपब्लिकन्स ने करने की धमकी दी है।"












Click it and Unblock the Notifications