China-US: बाइडेन ने जाते-जाते ताइवान की झोली में भर दिए विनाशक हथियार, बौखलाए चीन ने कहा- आग से मत खेलो
China-US News: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, जिनका कार्यकाल अगले महीने खत्म हो रहा है, उन्होंने व्हाइट हाउस छोड़ने से पहले ताइवान की झोली को हथियारों से भर दिया है, जिसके बाद चीन ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए अमेरिका को 'आग से नहीं खेलने' की धमकी दी है।
रविवार को चीन ने ताइवान को सैन्य बिक्री और सहायता की घोषणाओं के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, कि वह "आग से खेल रहा है"। इससे पहले शनिवार को, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ताइवान के लिए 571 मिलियन अमरीकी डालर जारी किए हैं, जिसका इस्तेमाल वो अपनी सुरक्षा के लिए कर सकता है।

इसके अलावा, शुक्रवार को अमेरिकी रक्षा विभाग ने घोषणा की, कि ताइवान के लिए 295 मिलियन अमरीकी डालर की सैन्य बिक्री को मंजूरी दी गई है। अमेरिका की घोषणाओं के जवाब में, चीन के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका से ताइवान को हथियार देना बंद करने और "ताइवान जलडमरूमध्य में शांति और स्थिरता को कमजोर करने वाले खतरनाक कदम" को रोकने का आग्रह किया।
ताइवान के खिलाफ शिकंजा कसता चीन
आपको बता दें, कि ताइवान, जो 23 मिलियन लोगों का एक लोकतांत्रिक द्वीप है, उसपर चीन अपना दावा करता है, जबकि ताइवान खुद को एक आजाद देश बताता है। लेकिन, चीनी राष्ट्रपति कह चुके हैं, ताइवान पर कब्जा करने के लिए उन्हें बल प्रयोग से इनकार नहीं है।
अमेरिकी सैन्य बिक्री और सहायता का मकसद, ताइवान को खुद की रक्षा करने और चीन को हमला करने से रोकना है।
सितंबर के अंत में बाइडेन ने इसी उद्देश्य के लिए 567 मिलियन अमरीकी डालर के प्राधिकरण के अलावा 571 मिलियन अमरीकी डालर की सैन्य सहायता दी गई है। सैन्य बिक्री में लगभग 300 सामरिक रेडियो सिस्टम के लिए 265 मिलियन अमरीकी डालर और 16 गन माउंट के लिए 30 मिलियन अमरीकी डालर शामिल हैं।
ताइवान के विदेश मंत्रालय ने दोनों बिक्री की मंजूरी का स्वागत करते हुए एक्स पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, कि इसने अमेरिकी सरकार की "हमारी रक्षा के लिए प्रतिबद्धता" की पुष्टि की।
वहीं, अमेरिकी मदद की घोषणा होने के ठीक बाद, ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय (MND) ने कहा, कि रविवार को सुबह 6 बजे (स्थानीय समय) तक 11 चीनी सैन्य विमान और 6 नौसैनिक जहाजों को ताइवान के आसपास काम करते हुए पाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के 11 विमानों में से 8 विमान ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा को पार कर ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में प्रवेश कर गए।
MND ने X पर एक पोस्ट में कहा, कि "आज सुबह 6 बजे (स्थानीय समय) तक ताइवान के आसपास 11 PLA विमान और 6 PLAN जहाजों को देखा गया। आठ विमान मध्य रेखा को पार कर ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी ADIZ में घुस गए। हमने स्थिति पर नजर रखी है और उसके अनुसार कार्रवाई की है।"
वहीं, शनिवार को ताइवान ने नौ चीनी सैन्य विमानों और पांच नौसैनिक जहाजों का पता लगाया।
एक्स पर एक पोस्ट में, ताइवान के MND ने कहा, "ताइवान के आसपास 9 पीएलए विमान और 5 पीएलएएन जहाजों को आज सुबह 6 बजे (स्थानीय समय) तक देखा गया। 6 विमानों ने मध्य रेखा को पार किया और ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी एडीआईजेड में प्रवेश किया। हमने स्थिति पर नजर रखी है और उसके मुताबिक प्रतिक्रिया दी है।"












Click it and Unblock the Notifications