Dhaka Plane Crash: ढाका में एयरफोर्स का ट्रेनी F-7 फाइटर जेट क्रैश, 16 की मौत, 50 से ज्यादा घायल
Dhaka fighter jet crash: बांग्लादेश की राजधानी ढाका के उत्तरा इलाके में सोमवार, 21 जुलाई को एक बड़ा हादसा हुआ, जब बांग्लादेश वायुसेना का एक प्रशिक्षण विमान (F-7 BGI) उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के कारण माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयावह हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
हादसे के समय स्कूल परिसर में बच्चे भी मौजूद थे, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई थी। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ISPR (इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस निदेशालय) ने अपने संक्षिप्त बयान में बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान वायुसेना का F-7 BGI मॉडल था, जो एक नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था। अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण यह विमान नियंत्रण से बाहर हो गया और रिहायशी क्षेत्र के पास बने स्कूल परिसर में गिर गया।
आग और धुएं के गुबार से भरा आसमान
हादसे के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हुईं, जिनमें स्कूल के पास मलबे से उठती आग और धुएं के गुबार दिखाई दे रहे हैं। टीवी फुटेज में भी दुर्घटनास्थल पर हड़कंप और घायल लोगों को दिखाया गया है। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक इस क्रैश में 16 लोगों की मौत की जानकारी सामने आ रही है, जबकि 50 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के वक्त इलाके में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, विमान के गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद चारों ओर आग और धुएं का गुबार फैल गया। कई अभिभावक अपने बच्चों की खोज में स्कूल की ओर दौड़ पड़े। एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के अनुसार, मौके पर कम से कम आठ दमकल इकाइयाँ आग पर काबू पाने के लिए भेजी गईं।
स्कूल में बच्चों की मौजूदगी से गहराया संकट
इस हादसे ने डर का माहौल इसलिए और गहरा कर दिया क्योंकि माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज में उस वक्त बच्चे मौजूद थे। स्कूल की इमारत में विमान के टकराने के बाद कई हिस्सों में भारी नुकसान हुआ है, हालांकि स्कूल प्रशासन ने अभी तक किसी छात्र के घायल होने की पुष्टि नहीं की है।
वायुसेना ने की घटना की पुष्टि
बांग्लादेश सेना के जनसंपर्क विभाग (ISPR) द्वारा जारी बयान में कहा गया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान F-7 BGI मॉडल का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था, जो वायुसेना के अधीन था और नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। यह विमान ढाका के डियाबारी क्षेत्र में स्थित स्कूल भवन पर गिरा।
फायर सर्विस सेंट्रल कंट्रोल रूम की ड्यूटी ऑफिसर लीमा खानम ने स्थानीय मीडिया को जानकारी देते हुए बताया,"विमान माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज की इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हमारी टीम ने एक शव बरामद किया है। वायुसेना की टीम ने चार घायलों को बचाया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।"
लीमा खानम ने आगे बताया कि हादसे में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि चार लोग घायल हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और मामले की जांच जारी है।
फिलहाल क्या है स्थिति?
दमकल और वायुसेना की टीम ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन मलबे की जांच और घायलों को निकालने का काम अभी भी जारी है। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि यह तकनीकी खराबी के कारण हुआ हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications