बैसाखी पर 437 श्रद्धालुओं को पाकिस्तान जाने की मिली इजाजत, सभी महत्वपूर्ण गुरुद्वारों का करेंगे दर्शन
बैसाखी के पावन मौके पर भारत के 437 सिख श्रद्धालु गुरुद्वारों का दर्शन करने पाकिस्तान जाएंगे।
नई दिल्ली: बैसाखी के पावन अवसर पर 437 सिख श्रद्धालुओं के जत्थे को पाकिस्तान जाने की इजाजत मिल गई है। सभी सिख श्रद्धालु कल पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे। पाकिस्तान सरकार की तरफ से इन श्रद्धालुओं को पाकिस्तान स्थिति प्रमुख गुरुद्वारों में दर्शन करने के साथ ही प्रसिद्ध ननकाना साहिब गुरुद्वारे में दर्शन करने की भी इजाजत मिल गई है।

437 श्रद्धालुओं को इजाजत
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी यानि एसजीपीसी के सेक्रेटरी मोहिंदर सिंह आहिल ने कहा है कि पाकिस्तान की तरफ से 437 सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान स्थिति गुरुद्वारों के दर्शन करने की इजाजत मिली है। और पाकिस्तान जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आए हैं। मोहिंदर सिंह आहिल के मुताबिक बैसाखी पर गुरुद्वारों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जत्था कल निकलेगा और 22 अप्रैल को सभी श्रद्धालु वापस भारत आ जाएंगे। आपको बता दें कि केन्द्र सरकार ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा भेजी गई लिस्ट में से 356 तीर्थयात्रियों के नाम काट दिए थे। जिन्होंने खालसा साजना दिवस यानि बैसाखी मनाने के लिए पाकिस्तान जाने की इजाजत सरकार से मांगी थी।

वाघा बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान दौरा
बैसाखी के मौके पर पाकिस्तान जाने वाला जत्था 12 अप्रैल को एसजीपीसी कार्यालय अमृतसर से रवाना होगा और वाघा बॉर्डर होते हुए पाकिस्तान जाएगा। श्रद्धालुओं का ये जत्था 22 अप्रैल को अलग अलग गुरुद्वारों में दर्शन करने के बाद भारत वापस लौट आएगा। एसजीपीसी की तरफ से पाकिस्तान जाने वाले सभी श्रद्धालुओं का कोरोना टेस्ट करवाने के लिए कैंप का आयोजन किया गया था, जिसमें सभी श्रद्धालुओं की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

कोरोना की वजह से कम आवेदन
रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस की वजह से इस साल कम श्रद्धालुओं ने वीजा के लिए आवेदन किया था। और पाकिस्तान सरकार ने भी सीमित संख्या में ही श्रद्धालुओं के वीजे को मंजूरी दी है। पाकिस्तान सरकार ने इसके पीछे दलील ये दी कि वहां भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े, इसीलिए सीमित संख्या में वीजा जारी किए गये हैं। भारत से जाने वाले 437 श्रद्धालुओं को 11 दिनों तक पाकिस्तान में रहकर गुरुद्वारों के दर्शन करने का मौका मिलेगा। भारत से पाकिस्तान जाने वाले ये सिख श्रद्धालु वहां गुरुद्वारा पंजा साहिब, ननकाना साहिब, डेरा साहिब, लाहौर सच्चा सौदा, डेरा साहिब करतारपुर और दूसरे कई और गुरुद्वारों का दर्शन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications