पुलवामा हमले पर अमेरिका की चीन-पाकिस्तान को नसीहत, कहा- आतंकियों को मदद देना बंद करें
वॉशिंगटन। पुलवामा हमले पर अमेरिका ने चीन और पाकिस्तान के रवैए को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है। ट्रंप प्रशासन ने चीन और पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के तहत अपनी जिम्मेदारियां निभाने की नसीहत दी है। अमेरिकी सरकार ने कहा है कि पाकिस्तान मे आतंकियों को पनाह ना दी जाए और ना ही उनका किसी तरह का इन देशों से सहयोग किया जाए। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने पुलवामा आतंकी हमले को 'खौफनाक हालात' बताया। उन्होंने दोनों देशों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि अच्छा होगा कि भारत और पाकिस्तान मिलकर रहें।

चीन वीटो का गलत इस्तेमाल कर रहा है
अमेरिका ने अपने विदेश विभाग की ओऱ से जारी संदेश में सभी देशों से आतंकियों को सुरक्षित पनाहगाह और सहयोग ना देने के लिए कहा है। अमेरिका की ओर से यह कदम स्पष्ट रूप से इस्लामाबाद और बीजिंग को ध्यान में रखकर उठाया गया। दरअसल, पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकियों की पनाहगाह बन चुका है। वहीं चीन पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय दबाव से बचाने के लिए लगातार वीटो का इस्तेमाल करता आ रहा है।

अमेरिका ने भारत का किया समर्थन
पुलवामा में 40 जवानों की मौत के बाद पिछले हफ्ते व्हाइट हाउस ने कहा था कि वह सीमा-पार आतंकवाद के खिलाफ भारत के सेल्फ डिफेंस के अधिकार का समर्थन करता है। बता दें कि, पुलवामा हमले के बाद बाद अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने अपने भारतीय समकक्ष अजीत डोभाल से फोन पर बात भी की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि हमले के बाद भारत पाकिस्तान के खिलाफ जो भी जवाबी कार्रवाई करता है, अमेरिका उसका समर्थन करेगा।

इसलिए चीन कर रहा पाकिस्तान का समर्थन
गौरतलब है कि, पाकिस्तान जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को संरक्षण देता आ रहा है और चीन उसे संयुक्त राष्ट्र के जरिए वैश्विक आतंकी घोषित करने के भारत के प्रयासों में रोकता आ रहा है। इसकी मुख्य वजह यह है कि, बीजिंग ने चीन-पाक आर्थिक गलियारे के जरिए वहां भारी-भरकम निवेश कर रखा है औऱ वह मुस्लिम बहुल शिनजियांग प्रांत में आतंकी गतिविधियों को बढ़ने से रोकना चाहता है। जिसके कारण वह पाकिस्तान की साथ दे रहा है। चीन के इस रवैये से भारत को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूएस जल्द ही आंतकवाद को लेकर एक विस्तृत बयान जारी करने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications