एयरशिया विमान हादसा: मिल गया विमान का पिछला हिस्सा, खुलेगा राज
जकार्ता। इंडोनेशिया की खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख ने बुधवार को बताया कि 28 दिसंबर, 2014 को जावा समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए एयरएशिया के विमान का पिछला हिस्सा मिल गया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख बामबांग सोलिस्टयो ने कहा कि हम विमान के जिस हिस्से की खोज कर रहे थे, वह मिल गया है।

विमान का पिछला हिस्सा मिल गया है। सिंगापुर से इंडोनेशिया के सुराबाया जा रहा एयरएशिया के विमान का 28 दिसंबर को राडार से संपर्क टूट गया था। विमान में 155 यात्री और चालक दल के सात सदस्य सवार थे। विमान का पिछला हिस्सा मिलना, खोज की बड़ी सफलता है, क्योंकि आमतौर पर विमान का ब्लैकबॉक्स- उड़ान का डाटा और वॉइस रिकॉर्डर इसी में होते हैं, जो विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण का पता लगाने में महत्वपूर्ण हैं।
अभी तक समुद्र से 39 शव निकाले जा चुके हैं। प्रतिकूल मौसम के कारण खोज अभियान बाधित हुआ था। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान एजेंसी ने पहले खराब मौसम को विमान दुर्घटना का कारण बताया था। एजेंसी ने कहा था कि हो सकता है कि आइसिंग के कारण विमान का इंजन खराब हो गया हो।












Click it and Unblock the Notifications