'...जब महिला ने मुझे सौंप दिया अपना बच्चा', पॉपस्टार आर्यना सईद ने सुनाई काबुल एयरपोर्ट की खौफनाक दास्तां
नई दिल्ली, 15 अगस्त: अफगानिस्तान पर तालिबान ने पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। ऐसे में जो लोग पहले उसका विरोध कर रहे थे, वो जल्द से जल्द देश छोड़ने की फिराक में हैं। इसके अलावा बहुत सी महिलाएं भी अफगानिस्तान से निकलना चाहती हैं, ताकि वो तालिबानी लड़ाकों के जुल्म से बच सकें। हाल ही में पॉप स्टार आर्यना सईद भी वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचीं। साथ ही अब उन्होंने अपने देश के हालात को दुनिया के सामने बयां किया है।

महिला ने सौंप दिया बच्चा
आर्यना सईद ने काबुल एयरपोर्ट पर बिताए उस खौफनाक लम्हों को याद करते हुए कहा कि वहां पर चारों ओर अराजकता फैली थी। तभी उनके पास एक रोती हुए महिला आई, जिसके हाथ में एक बच्ची थी। वो उस वक्त विमान में चढ़ने वाली थी। जैसे ही वो अंदर जाने लगीं महिला ने उन्हें बच्चा पकड़ा दिया, लेकिन उन्होंने सोचा कि वो एक बच्चे को उसकी मां से कैसे अलग कर सकती हैं। उन्होंने पास खड़े एक सैनिक से पूछा कि क्या वो मां और बच्चे दोनों को साथ ले जा सकते हैं लेकिन दुर्भाग्य से सैनिक मदद नहीं कर सका। जिस वजह से उन्होंने मां को दोबारा बच्चा सौंप दिया।

सांस लेने तक की जगह नहीं
आर्यना के मुताबिक जिस दिन उन्होंने काबूल से उड़ान भरी थी, उस दिन तालिबान हर जगह मौजूद था। एयरपोर्ट पर हजारों की भीड़ देखने में भयानक लग रही थी। जहां पर नजर जाती, वहां पर अराजकता नजर आती थी। बच्चे रो रहे थे, साथ ही लोग एक दूसरे के ऊपर चढ़े जा रहे थे। ऐसे में वहां पर सांस लेने तक की जगह नहीं थी। उन्होंने कहा कि मैं खुद को भाग्यशाली समझती हूं, क्योंकि मेरे पास यूके का पासपोर्ट था। जिस वजह से वो बाहर निकल सकी।

पाकिस्तान को ठहराया जिम्मेदार
आपको बता दें कि आर्यना ने मौजूदा वक्त में अपने देश की इस हालत के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि हमने कई सालों से ऐसे वीडियो और सबूत देखे हैं जिसमें देखा गया है कि तालिबान को सशक्त बनाने के पीछे पाकिस्तान का हाथ है। वो उम्मीद जताती हैं कि पाकिस्तान अब पीछे हटेगा और उनके देश की राजनीति में अब हस्ताक्षेप नहीं करेगा।












Click it and Unblock the Notifications