Watch Video: 6 साल से एक घड़ियाल की गर्दन में फंसा था मोटरसाइकिल का टायर, कैसे निकाला गया देखिए
जकार्ता, 8 फरवरी: इंडोनेशिया के लोग एक घड़ियाल की गर्दन में पिछले 6 वर्षों से मोटरसाइकिल का टायर फंसा हुआ देख रहे थे। उन्हें उस बेबस जीव पर दया आती थी। सोचते थे कि जब यह और बड़ा होगा तो इसकी तो गर्दन ही दब जाएगी। सरकार की ओर से भी उसकी गर्दन से टायर निकालने वाले के लिए पुरस्कार की घोषणा दो साल पहले की गई थी। लेकिन, बात घड़ियाल के गर्दन की थी। कोई हिम्मत ही नहीं कर पा रहा था। हिम्मत क्या कोई सोचता भी तो लोग उसे मजाक ही समझ बैठते। लेकिन, एक शख्स ने हौसला दिखाया। उसके बारे में भी लोगों को पहले वही लगा, जैसी की आशंका थी। लेकिन, आखिरकार उसने जोखिम लिया और उस जानवर को गर्दन में पड़ी आफत से मुक्त करके उसे वापस पानी में आजाद छोड़ दिया।

घड़ियाल की गर्दन में 6 साल से फंसा था टायर
इंडोनेशिया में एक घड़ियाल की गर्दन में पिछले 6 वर्षों से एक मोटरसाइकिल का टायर फंसा हुआ था। आरटीई न्यूज के मुताबिक रविवार को रात ही उस घड़ियाल की गर्दन से टायर निकालकर उसे मुक्त किया गया है। यह साहस कर दिखाया है खुद को रेप्टाइल रेस्क्युअर बताने वाले टिली नाम के एक शख्स ने। इंडोनेशिा के सेंट्रल सुलावेसी प्रांत के रहने वाले 35 वर्षीय टिली ने इसके बारे में मीडिया को बताया है कि, 'मैंने खुद से ही घड़ियाल को पकड़ा था। मैंने यहां पर लोगों से मदद करने को कहा था, लेकिन वे लोग डर रहे थे। मैंने जो उसे पकड़ने की तरकीब लगाई थी, उसमें वह फंस गया।'

तीन हफ्ते तक जाल बिछाए रहा आर फिर गिरफ्त में आया घड़ियाल
टिली के मुताबिक वह पिछले तीन हफ्तों से इस घड़ियाल को पकड़ने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह हाथ नहीं लग पा रहा था। उसने कहा कि घड़ियाल लगातार चकमा दे जा रहा था और मुश्किल से ही पानी के बाहर आता दिखाई देता था। इसके बाद उसने इसे पकड़ने के लिए एक जाल बिछाया। उसने उसे फंसाने के लिए लंबी रस्सी लगाई और उसमें चारे के तौर पर मुर्गियां और बतख रखे। उसने तीन हफ्ते तक उसके फंसने का इंतजार किया। दो बार वह दिखाई भी पड़ा, लेकिन दोनों ही बार बच निकला।

स्थानीय लोगों को घड़ियाल पर दया आती थी
टिली का कहना है कि 'कई लोगों को उसको लेकर संदेह था और सोचते थे कि मैं गंभीर नहीं था (घड़ियाल को पकड़ने के लिए), लेकिन मैंने साबित कर दिया (कि मैं कर सकता हूं)।' हालांकि, घड़ियाल की गर्दन में टायर फंसा देखकर स्थानीय लोगों के मन में उसके प्रति सहानुभूति थी। उन्हें यह बात परेशान करती थी कि जब यह और बड़ा होगा तो उसकी गर्दन दब जाएगी।

दो साल पहले सरकार ने पुरस्कार की घोषणा भी की थी
दो साल पहले की बात है यानी जनवरी, 2020 में इंडोनेशिया के प्रांतीय संरक्षण से जुड़े अधिकारियों ने टायर निकालने वाले के लिए पुरस्कार की भी घोषणा की थी, हालांकि रकम की जानकारी नहीं मिल पाई है। यह भी साफ नहीं हो पाया है कि क्या टिली ने यह सब पुरस्कार के लिए किया है या फिर उसे इस घड़ियाल पर दया आ रही थी। यह भी साफ नहीं हो पाया है कि वह इस अवॉर्ड पर दावा करेगा भी या नहीं।
टायर से मुक्ति पाकर आजाद हुआ घड़ियाल
बहरहाल घड़ियाल को पकड़कर बहुत ही सावधानी से एक छोटी आरी का इस्तेमाल कर उसकी गर्दन में अटके टायर को काट दिया गया है। बचावकर्मियों ने उसकी गर्दन में फंसी आफत से उसे छुटकारा देकर वापस पानी में छोड़ दिया है और अब उम्मीद है कि वह अपनी पूरी जिंदगी जी लेगा और टायर की वजह से आने वाले समय में उसे जो मुश्किल हो सकती थी या अभी ही जो दिक्कत थी, उससे उसे हमेशा के लिए छुटकारा मिल गया है।












Click it and Unblock the Notifications