स्वीडन: चाकू से हुए हमले में 8 लोग घायल, संदिग्ध आतंकवाद के तहत जांच शुरू
स्टॉकहोम: दक्षिणी स्वीडन में चाकुओं से हुए एक हमले में लगभग आठ लोग घायल हो गए। यह घटना बुधवार की बताई जा रही है। स्वीडन की एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, जॉनकोपिंग काउंटी पुलिस डिपार्टमेंट ने हमलावर की पहचान एक 20 वर्षीय लड़के के रूप में की है।

पुलिस ने घटना स्थल (वेटलैंडा क्षेत्र) पर हमलावर को गोली मारकर घायल कर दिया। इस मामले में प्रशासन ने अभी और अधिक जानकारी नहीं दी है। एक आतंकी हमला मानकर इस मामले की जांच की जा रही है। वहीं, प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा है कि यह हमला किसलिए किया गया यह अभी साफ नहीं हो पाया है।
पुलिस की गोली का शिकार हुए हमलावर को पास ही के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस दक्षिणी शहर में यह हमला हुआ वहां लगभग 13 हजार लोग रहते हैं। पुलिस की कार्रवाई में हमलावर को कितनी चोटें आई हैं इस बात का पता नहीं चल सका है लेकिन पुलिस ने उम्मीद जताई है कि वह पुलिस के सवालों का जवाब दे पाएगा। पुलिस ने इस मामले पर कहा है कि हमलावर ने एक धारदार हथियार का इस्तेमाल किया था जबकि स्थानीय मीडिया से आई खबरों के मुताबिक अपराधी ने चाकू का इस्तेमाल किया।
फारस की खाड़ी में इंडियन एयरफोर्स दिखा रहा दम, UAE और अमेरिका का मिला साथ, पाकिस्तान की हालत पतली
पुलिस ने शुरुआती जांच में इस हमले को हत्या का प्रयास बताया था लेकिन बाद में एक संदिग्ध आतंकी हमले के तहत मामला दर्ज किया गया। इस हमले में घायल हुए 3 लोगों को बेहद गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उनके अलावा 2 अन्य लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। अस्पताल प्रशासन ने इस बात की जानकारी दी है।
स्वीडन के प्रधानमंत्री ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि, ' हम पूरे दल-बल के साथ इस तरह के घृषित कार्यों का जवाब देंगे। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। पुलिस शांति व्यवस्था क बहाल करने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।'