BJP सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस का शंखनाद, सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे हजारों कार्यकर्ता!
इंदौर, 9 मई: मिशन 2023 के चलते अब युवा कांग्रेस ने भी मैदान संभाल लिया है, युवा कांग्रेसी अलग-अलग मुद्दों पर बीजेपी सरकार को घेरते नजर आ रहे हैं. वहीं अब महंगाई, बेरोजगारी जैसे तमाम मुद्दों पर युवा कांग्रेसी एक बार फिर सड़क पर उतरेंगे. राजधानी भोपाल में हजारों कार्यकर्ता सीएम आवास का घेराव करेंगे. युवा शंखनाद के इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के कार्यकर्ता राजधानी भोपाल पहुंचेंगे. इस आंदोलन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के शामिल होने की संभावना है. राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने प्रेस वार्ता कर मीडिया को कार्यक्रम की जानकारियां दी, कुलमिलाकर देखा जाए तो युवा शंखनाद कार्यक्रम के जरिए युवा कांग्रेसी अब बीजेपी सरकार का विरोध करने की तैयारी कर रहे हैं, जिसके लिए युवा कांग्रेसी पूरी तरह से तैयार नजर आ रहे हैं.

ऐसी है पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा
12 मई को युवा कांग्रेस राजधानी भोपाल में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है. बीजेपी सरकार के खिलाफ होने वाले इस प्रदर्शन में प्रदेश भर के युवा कांग्रेसी शामिल होंगे. इस विरोध प्रदर्शन के लिए युवा कांग्रेस ने 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को एकत्रित करने का लक्ष्य रखा है. इस विरोध-प्रदर्शन को लेकर पोस्टर जारी कर दिया गया है.
महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे होंगे अहम
मिशन 2023 में जुटी कांग्रेस प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को जनता के सामने लाने की कोशिश करती नजर आ रही है, जहां लगातार कांग्रेस अलग-अलग तरह के विरोध प्रदर्शनों के साथ-साथ, अलग-अलग अभियानों के जरिए जनता के बीच पहुंच रही है, और बढ़ती महंगाई के साथ-साथ बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर जनता का ध्यान केंद्रित कर रही है. देखा जाए तो प्रदेश में लगातार महंगाई जहां बढ़ती चली जा रही है, तो वहीं बेरोजगारी के चलते युवा खासे परेशान दिखाई दे रहे हैं.
विक्रांत भूरिया के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद मजबूत हुई युवा कांग्रेस
डॉ. विक्रांत भूरिया ने जब से मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की कमान संभाली है, तब से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जहां जोश दिखाई दे रहा है, वहीं उनकी मजबूत नेतृत्व क्षमता के चलते युवा कांग्रेस भी मजबूत दिखाई दे रही है, लगातार युवा कांग्रेस अलग-अलग विरोध प्रदर्शन और अभियानों के जरिए शिवराज सरकार को घेरते नजर आ रही है, जहां शिक्षा और बेरोजगार जैसे तमाम मुद्दों पर युवा कांग्रेस जनता की आवाज बुलंद कर रही है.












Click it and Unblock the Notifications