PSC में फेल हुई तो फर्जी SDM बन ठगी का बुना जाल, फंसते चले गए कई बेरोजगार
इंदौर, 9 सितंबर : मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से ठगी का एक ऐसा मामला निकलकर सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, यहां एक ऐसी फर्जी एसडीएम को क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा है, जो खुद पीएससी क्लियर ना कर पाने पर फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को ठगने लगी। इस फर्जी एसडीएम को क्राइम ब्रांच की टीम ने व्यापारी की शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस अब इस फर्जी एसडीएम से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
Recommended Video

कुछ ऐसा है पूरा मामला
पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, हमें एक व्यक्ति के द्वारा शिकायत की गई थी कि, उसकी दुकान पर एक एसडीएम बोल कर एक महिला द्वारा शॉपिंग की गई, और पैसे नहीं लौटा रही है। इसके बाद इनके द्वारा पता किया गया, तो पता चला कि यह फर्जी गैंग है, फिर उसके बाद हमने केस को देखा तो आगे पूछताछ में पता चला कि, काफी ऐसे लोग पीड़ित हैं, जिनको अलग-अलग कारणों से झांसे में लेकर उनसे पैसे भी लिए गए हैं, और उन्हें ठगा गया है, और इस तरह से यह महिला अपने आप को एसडीएम बनाकर ऑपरेट कर रही है।

PSC में फेल होने के बाद बनी फर्जी SDM
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, ऐसा प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि, यह स्वयं भी एसडीएम बनना चाहती थी, परंतु फेल होने के उपरांत इनके द्वारा इस तरह का नाटक रचा गया। महिला के पास अलग-अलग तरह के लेटर मिले हैं, जिसमें यह अपने आप को एसडीएम बताकर लेटर जारी कर रही हैं, जो पूर्ण तरीके से फर्जी हैं। महिला ने अलग-अलग विभागों के नाम से पत्र बनाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया है।

शातिर है आरोपी महिला
कुछ दिन पहले इंदौर क्राइम ब्रांच को एक शिकायत मिली थी, जिसमें नीलम नामक महिला द्वारा ठगे जाने की वारदात सामने आई थी। महिला इतनी शातिर थी कि, उसने कई फर्जी दस्तावेज बनाकर लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। साथ ही महिला द्वारा कपड़ा व्यापारियों से भी ठगी की गई थी, तो वहीं अलग-अलग विभागों में फर्जी लेटर जारी कर नौकरी दिलाने की वारदात भी सामने आई है।












Click it and Unblock the Notifications