Indore News: स्ट्रीट डॉग के कंट्रोल का खास प्लान हुआ तैयार, इतने दिनों में दिखेगा असर
मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में स्ट्रीट डॉग की संख्या को नियंत्रित करने के लिये 6 माह का विशेष अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान के तहत समयबद्ध रूप से सुनियोजित कार्ययोजना तैयार कर कार्य किये जाएंगे। प्रतिदिन का लक्ष्य तय कर स्ट्रीट डॉग की नसबंदी करने सहित अन्य उपाय किये जाएंगे। इस अभियान में नगर निगम, पशु पालन एवं पशु चिकित्सा विभाग, एनजीओ एवं नागरिकों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी।
यह जानकारी यहां कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा ली गई बैठक में दी गई। बैठक में अभियान की कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने निर्देश दिये कि मानव जीवन की सुरक्षा को देखते हुए इस अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाये। यह तय किया जाये कि अभियान के प्रभावी परिणाम आगामी 6 माह में ही दिखायी देने लगे। अभियान के तहत सभी अधिकारी पूरी लगन और कर्मठता के साथ कार्य करें। प्रतिदिन का लक्ष्य तय कर स्ट्रीट डॉग की नसबंदी की जाये। बताया गया कि अभी वर्तमान में 25 से 30 स्ट्रीट डॉग की नसबंदी प्रतिदिन हो रही है।
बैठक में लक्ष्य तय किया गया कि आगामी दो से तीन दिन पश्चात प्रतिदिन न्यूनतम 75 स्ट्रीट डॉग की नसबंदी की जायेगी। यह अभियान सप्ताह के सातों दिन लगातार चलेगा। अभियान में पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों की भी विशेष मदद ली जायेगी। स्ट्रीट डॉग को पकड़ने के लिये वाहनों की संख्या भी बढ़ाई जायेगी। साथ ही अन्य संसाधन और सुविधाएं भी बढ़ायी जाएंगी। अभियान 6 माह तक लगातार चलेगा।
बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि, इंदौर में स्ट्रीट डॉग की समस्या को देखते हुए नियंत्रण की अत्यंत आवश्यकता है। इसको देखते हुए भिक्षावृत्ति मुक्त इंदौर अभियान की तर्ज पर स्ट्रीट डॉग नियंत्रण के लिये योजनाबद्ध रूप से अभियान चलाया जायेगा।
यह अभियान नगर निगम और पशुपालन तथा पशु चिकित्सा विभाग तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के सहयोग से संचालित होगा। इसके लिये विस्तृत कार्ययोजना बनाकर स्ट्रीट डॉग की नियंत्रण की कार्रवाई की जायेगी। अभियान के तहत स्ट्रीट डॉग की नसबंदी करने सहित नियंत्रण के अन्य उपाय भी किये जायेंगे।
ये भी पढ़े- Indore News: स्वच्छ शहर के फेफड़े होंगे मजबूत, इस क्षेत्र में बनेंगे तालाब और उद्यान












Click it and Unblock the Notifications