ये क्या? घर में एक के बाद एक निकलने लगे कोबरा सांप, फिर एक दिन....
इंदौर, 7 जुलाई: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक हैरान कर देने वाला मामला निकल कर सामने आया है, जहां शहर की केट रोड कॉलोनी स्थित एक मकान में उस वक्त डर का माहौल बन गया, जब एकाएक घर से सांप निकलने लगे। सांप निकलते देख परिवार में डर का माहौल पैदा हो गया, जिसके चलते परिवार के सदस्य अपना घर छोड़कर पड़ोसी के घर सोने चले गए। इतना ही नहीं इस मकान के पास स्थित एक और मकान में इसी तरह का सिलसिला शुरू हो गया। वहीं अब इन दोनों ही मकानों में से लगातार निकल रहे सांपों के चलते कॉलोनी में डर का माहौल पैदा हो गया है।

अब तक निकल चुके हैं इतने सांप
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि 1 हफ्ते पहले मकान के वाश बेसिन से एक सांप निकला था, जिसके बाद शुरू हुए सिलसिले में अब तक कई सांप निकल चुके हैं। वाश बेसिन से निकलने वाले एक सांप के बाद 5 से 6 सांप के बच्चे और निकले थे, जिसके बाद अब लगभग 1 सप्ताह में 20 से ज्यादा सांप घर से निकल चुके हैं। वहीं अब भी निरंतर सांपों के निकलने का सिलसिला जारी है, जिसके बाद अब इस घर में रहने वाले सभी लोगों के मन में डर व्याप्त है, तो वहीं कॉलोनी में भी हड़कंप मचा हुआ है।

लगातार सांप निकलने का यह हो सकता है
विशेषज्ञों की मानें तो जिस घर में परिवार रहता है, उसी के पास एक घर भी खाली पड़ा हुआ है। साथ ही इन दोनों घरों के आसपास खेत हैं। जानकारी के मुताबिक इस घर के अलावा दूसरे घर से भी लगातार सांप निकल रहे हैं। साथ ही जब कॉलोनी का चेंबर खोल कर देखा गया, तो उसमें भी सांप के बच्चे नजर आ रहे थे। कुल मिलाकर देखा जाए तो विशेषज्ञों के अनुसार खेत होने के चलते इस तरह का घटनाक्रम हो रहा है।

अब तक पकड़े गए पुलिस ने सांप
कॉलोनी के रहवासी ने बताया कि, लगातार सांप को पकड़ने का सिलसिला जारी है, जहां इसके लिए एक सपेरे को भी लगाया गया है। सपेरे ने अब तक लगभग 20 सांपों को पकड़ कर जंगल में छोड़ा है। वहीं इसके बावजूद निरंतर सांपों का निकलने का सिलसिला जारी है। रहवासियों ने इस मामले को लेकर जो प्रबंधन से भी चर्चा की है।

कॉलोनी में दहशत का माहौल
कॉलोनी में लगातार सांप निकलने के घटनाक्रम के बाद अब दहशत का माहौल बना हुआ है, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में डर व्याप्त है। इतना ही नहीं यहां अब कॉलोनी के सभी लोग एक दूसरे के संपर्क में बने हुए हैं, साथ ही अंधेरा होते ही यह लोग एक दूसरे के घर जाकर रह लेते हैं। वहीं अब यह पूरा प्रकरण जांच का विषय बना हुआ है, जहां वन विभाग की टीम लगातार जांच कर रही है।

बारिश के दिनों में बढ़ जाता है सिलसिला
विशेषज्ञों की मानें तो अक्सर बारिश के दिनों में सांपों के निकलने का सिलसिला बढ़ जाता है, जहां गर्मी होने के कारण यह अपने बिलों में छुपे हुए रहते हैं, तो वहीं मौसम में हल्की ठंडक होने के बाद यह अपने बिलों से बाहर निकलते हैं। इसी के साथ बारिश के चलते हरियाली होने से भी इनके निकलने का सिलसिला निरंतर बढ़ते चला जाता है।












Click it and Unblock the Notifications