भारी बारिश के चलते बढ़ा नर्मदा नदी का जलस्तर, खोलने पड़े ओंकारेश्वर बांध के गेट
खंडवा, 23 जुलाई: मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इसी के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर भी अब लगातार बढ़ता चला जा रहा है। यही कारण रहा कि, खंडवा जिले के ओमकारेश्वर बांध का जलस्तर लगातार बढ़ने के चलते बांध के 7 गेट खोल दिए गए हैं। बांध के गेट खोले जाने से नर्मदा का पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके चलते बांध के डाउनस्ट्रीम में नर्मदा का जल स्तर लगातार बढ़ता चला जा रहा है। उधर, डाउनस्ट्रीम के सभी जिलों में इसकी सूचना दे दी गई है। साथ ही नाविक और लोगों को बांध क्षेत्र से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

लगातार बढ़ रहा है जलस्तर
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। इसी के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इतना ही नहीं नर्मदा नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को पहले ही अलर्ट कर दिया गया है, जहां कई लोगों को घाट किनारे से दूर चले जाने की हिदायत भी दे दी गई है। वहीं उधर नर्मदा का जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद अब ओमकारेश्वर बांध के सात गेट खोल दिए गए हैं, तो वहीं प्रदेश के अन्य बांधों पर भी यही स्थिति नजर आ रही है।
लोगों को दी जा रही चेतावनी
लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बढ़ रहे नर्मदा नदी के जलस्तर ने अब नदी के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। साथ ही इसके बाद अब स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट नजर आ रहा है, जहां लोगों से लाउडस्पीकर के जरिए नर्मदा नदी के नजदीक नहीं जाने की अपील की जा रही है। इस साल मानसून में यह पहला मौका है, जब ओमकारेश्वर बांध के साथ गेट एक साथ खोले गए हैं। इससे पहले बारिश कम होने के कारण यह गेट नहीं खोले गए थे।
प्रदेश के अन्य जलाशयों का भी यही हाल
मध्यप्रदेश के कई हिस्सों लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी, जहां प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में बारिश ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिए हैं. साथ ही शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अब नदियों और तालाबों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है. वहीं जलाशयों में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए अब डैम के गेट खुलने भी शुरू हो गए हैं, आमतौर पर हर साल डैम के ये गेट अगस्त आखिर तक खुलते हैं, लेकिन अबकी बार अच्छी बारिश होने के कारण समय से पहले ही डैम के गेट खोल दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications