जल्द हो सकता है शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार, मालवा-निमाड़ के ये विधायक हैं मंत्री बनने को तैयार!
इंदौर, 30 अप्रैल: मिशन 2023 नजदीक आते ही बीजेपी ने इसे फतह करने की तैयारी शुरू कर दी है. इस बीच सत्ता और संगठन की बैठक का सिलसिला राजधानी दिल्ली में लगातार जारी है. ऐसे में अब संभावना जताई जा रही है कि, मिशन 2023 को देखते हुए शिवराज सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है, जिसमें कामों के आधार पर मंत्री मंडल में फेरबदल करते हुए कुछ मंत्रियों को जहां हटाया जा सकता है, तो वहीं नए विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है. शिवराज मंत्रिमंडल में फिलहाल चार मंत्री पद रिक्त हैं, जिन्हें भरने की सुगबुगाहट पिछले कई दिनों से जारी है.

मालवा-निमाड़ के विधायक हो सकते हैं मंत्रिमंडल में शामिल
शिवराज मंत्रिमंडल का यदि विस्तार होता है तो इसमें मालवा निमाड़ के कुछ विधायकों को जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है. राजनीतिक विद्वानों की मानें तो पिछले दिनों कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई, जोबट विधायक सुलोचना रावत को शिवराज सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है. सुलोचना रावत को मंत्री बनाने से बीजेपी को आदिवासी बाहुल्य इलाकों में फायदा मिलने की उम्मीद है, जहां साल 2018 के विधानसभा चुनाव में आदिवासी बाहुल्य इलाकों से हुए नुकसान की भरपाई होगी, तो वहीं मिशन 2023 में इससे बीजेपी को बड़ा फायदा मिलने की संभावनाओं से भी इंकार नहीं किया जा सकता. इसी के साथ मालवा अंचल से विधायक रमेश मेंदोला, विधायक पारस जैन और विधायक गायत्री राजे पवार मंत्री पद पाने की रेस में शामिल हैं.
मंत्रिमंडल विस्तार के सियासी समीकरण
चार नए मंत्री शिवराज सरकार में शामिल किए जा सकते हैं, जिनमें मुख्य रुप से चंबल, निमाड़ और महाकौशल जैसे अंचलों से आने वाले विधायकों को मंत्री बनने का मौका दिया जा सकता है. इसी के साथ मंत्रियों के विभागीय कामकाज के साथ-साथ उनकी सफलताओं और असफलताओं पर मंथन किया जा सकता है. राजनीतिक विद्वानों की माने तो जिन मंत्रियों का परफॉर्मेंस ठीक नहीं है, उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर कर नए विधायकों को मौका दिया जा सकता है.
कुछ मंत्रियों के पास अतिरिक्त विभाग
वर्तमान में शिवराज सरकार पर नजर डालें तो हाल ही में कुछ मंत्रियों के पास एक से अधिक विभागों की जिम्मेदारी हैं, जहां इन मंत्रियों से अतिरिक्त विभाग वापस लेकर ये विभाग नए मंत्रियों को दिए जा सकते हैं. कुछ विभागों की जिम्मेदारी खुद सीएम शिवराज सिंह चौहान संभाल रहे हैं, जिसके चलते अब सरकार में रिक्त चार मंत्री पदों को जल्द भरा जा सकता है.












Click it and Unblock the Notifications