इंदौर में फुटपाथ पर सो रही महिला की रस्सी से गला घोटकर हत्या, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने रात को फुटपाथ किनारे सो रही महिला की रस्सी से गला घोटकर हत्या कर डाली। पूरी वारदात एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हत्या करने के आरोपी और वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार पूरी घटना इंदौर शहर में एमवाय अस्पताल के पास की गुरुवार देर रात की है। रात को एक महिला दुकान के बाहर फुटपाठ पर सो रही थी। अचानक एक व्यक्ति आता है और सिर के बाल पकड़कर उसे घसीटता है।
महिला कुछ समझ पाती है। उससे पहले ही वह रस्सी से उसका गला घोटने लगता है। महिला अपने बचाव का हर संभव प्रयास करती है, मगर वह व्यक्ति के चंगुल से खुद को छुड़ा नहीं पाती है। व्यक्ति उसका गला दबाए रखता है। थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो जाती है। फिर आरोपी वहां से चला जाता है। यह 1 मिनट 21 सैकंड का पूरा घटनाक्रम दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
शुक्रवार सुबह फुटपाथ पर महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इंदौर संयोगितागंज थाना प्रभारी राजीव त्रिपाठी ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। महिला आस-पास के इलाके में भीख मांगकर गुजर बसर कर रही थी। हालांकि उसे यहां कई लोगों ने भीख मांगते देखा जरूर है, मगर उसका नाम पता कोई नहीं जानता।












Click it and Unblock the Notifications