MP News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के तीन शूटर एमपी से गिरफ्तार, तीन पिस्टल और कर बरामद
Lawrence Bishnoi News: मध्य प्रदेश के इंदौर से लॉरेंस गैंग के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से 3 पिस्टल बरामद कर उनकी कार भी जब्त कर ली है।
इंदौर के डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा ने मीडियाकर्मियों को जानकारी देते हुए बताया कि सूत्रों की जानकारी पर शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर एक कार से कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक सदस्य को उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों की पहचान भूपेंद्र सिंह रावत, दीपक सिंह रावत और आदेश चौधरी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल भूपेंद्र लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह का सदस्य है।
अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि वर्ष 2017 में पंजाब के फरीदकोट जेल में अफीम के एक मामले में बंद रहने के दौरान बिश्नोई से भूपेंद्र की जान पहचान हुई थी। वह उसके गिरोह से जुड़कर अवैध वसूली और अन्य अपराधों को अंजाम दे रहा था।
अधिकारी ने बताया कि बिहार के गोपालगंज में पुलिस ने छह ग्लॉक पिस्तौल की तस्करी के मामले में भूपेंद्र की गिरफ्तारी पर 50000 रुपए का इनाम घोषणा कर रखा है। इससे पहले पंजाब पुलिस दो ग्लॉक पिस्तौल की तस्करी के मामले में उसे गिरफ्तार कर चुकी है और वह इस मामले में जमानत पर बाहर है। विश्वकर्मा के मुताबिक भूपेंद्र और उसके दो साथियों की तलाशी लेने पर तीन अवैध पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी शराब से भरे एक ट्रक को अगवा करने के मकसद से इंदौर के बाईपास रोड पर कार से घूम रहे थे। विश्वकर्मा ने बताया कि आरोपियों की कार को भी जब्त कर लिया गया है और उनके खिलाफ विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर राजस्थान, बिहार और पंजाब में हत्या का प्रयास, डकैती, अवैध वसूली, नशीले पदार्थों के गैर कानूनी कारोबार और अवैध हथियारों के मामले दर्ज हैं।












Click it and Unblock the Notifications