गौरव दिवस पर दीपों से सजेगी इंदौर नगरी, दीपावली की तरह मनेगा जश्न!
इंदौर, 7 मई: राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के हर शहर का गौरव दिवस मनाने की तैयारियां जोरों पर है, जहां अब प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर का गौरव दिवस बनाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक आकाश विजयवर्गीय, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक मालिनी गौड़ समेत तमाम जनप्रतिनिधि और अलग-अलग संगठनों के लोग शामिल हुए. इंदौर का गौरव दिवस मनाने को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय लिया गया कि, इंदौर का गौरव दिवस 25 मई से लेकर 31 मई तक मनाया जाएगा, जिसमें हर दिन अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. वहीं 31 मई को होने वाले गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे.

दीपों से रोशन होगी इंदौर नगरी
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि, इंदौर गौरव दिवस दीपावली के त्यौहार की तरह मनाया जाए. देवी अहिल्याबाई होल्कर और इंदौर के गौरव दिवस के नाम पर हर घर में एक दिया जलाया जाए, यह उत्सव सभी की साझेदारी और भागीदारी के साथ मनाया जाएगा.
गौरव दिवस पर इंदौर गान तैयार किया जाएगा
बैठक में निर्णय लिया गया कि गौरव दिवस का यह कार्यक्रम राजवाड़ा पर आयोजित किया जाएगा. वहीं गौरव दिवस कार्यक्रम को लेकर इंदौर गान तैयार किया जाएगा. शहर के गौरवशाली इतिहास को लेकर डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी, जिसे गौरव दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत 7 दिनों तक शहर वासियों के बीच प्रसारित किया जाएगा.
सीएम शिवराज की अध्यक्षता में होगा मुख्य कार्यक्रम
7 दिनों तक चलने वाले गौरव दिवस का मुख्य कार्यक्रम 31 मई को सीएम शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा. राजवाड़ा पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर केंद्रित नाटक का मंचन किया जाएगा. साथ ही पूरे इंदौर शहर को सजाया संवारा जाएगा. जिले के हर घर में एक दीप लगाने का आह्वान किया जाएगा, साथ ही शहर की विधानसभाओं से गौरव यात्रा निकाली जाएंगी, जो कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी.












Click it and Unblock the Notifications