Indore : सुरक्षा और आवागमन की दृष्टि से बेहतर बनेगा एयरपोर्ट, तैयारी शुरू
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन और इन्वेस्टर्स समिट जैसे महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहे हैं। एयरपोर्ट इन्दौर वह स्थान होगा, जहाँ सबसे पहले अतिथि पहुँचेंगे। वे जब यहाँ पहुँचें तो, यह भाव जागृत होना चाहिए कि इंदौर के बारे में जैसा हमने सुना था उससे बेहतर दिख रहा है। इसी के अनुरूप एयरपोर्ट इंदौर में व्यवस्थाएं सुनिश्चित होनी चाहिए। संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने विमान क्षेत्र पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। उन्होंने यहाँ सुरक्षा और अतिथियों तथा यात्रियों के आवागमन की और बेहतर सुविधाएँ विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर इलैया राजा टी, पुलिस कमिशनर हरिनारायण चारी मिश्र, आयुक्त नगर निगम प्रतिभा पाल, एयरपोर्ट के डायरेक्टर सीवी रवींद्रन, स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह, प्रोटोकॉल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अजय देव शर्मा तथा एयरपोर्ट प्रबंधन के विनोद सोनी, प्रबोध शर्मा, मनिंदर सिंह भी बैठक में उपस्थित थे।

व्यवस्थाओं को लेकर दिए दिशा-निर्देश
बैठक में प्रमुख रूप से सुरक्षा संबंधी वर्तमान व्यवस्थाओं और इसमें इज़ाफ़ा करने के संबंध में भी चर्चा की। बर्ड हिटिंग रोकने के लिए और बेहतर व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए। एयरपोर्ट परिसर में साज-सज्जा और साफ़-सफ़ाई के संबंध में चर्चा की गई। बैठक के पश्चात संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट के भीतर और परिसर में घूम कर व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने जनवरी माह में वीआईपी आगमन के संदर्भ में निकासी का एक पृथक द्वार एवं मार्ग विकसित करने के निर्देश भी दिए।
कुछ इस तरह रहेगी व्यवस्था
संभागायुक्त डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि, कार्यक्रम के दौरान यात्री भी सुगमतापूर्वक यहाँ आ सकें और निर्गम भी निर्बाध हो ऐसी व्यवस्था एयरपोर्ट सुनिश्चित करें। कलेक्टर इलैया राजा टी ने बताया कि, प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान लगभग 4 हज़ार अतिथियों के आगमन की संभावना है। परिसर में सुरक्षा के उच्चतम मापदंड अपनाये जाएंगे। टैक्सी पार्किंग के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। एयरपोर्ट के भीतरी हाल पर रिसेप्शन और सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications