MP में राज्यसभा चुनाव की सुगबुगाहट, एक सीट के लिए इन नामों पर कांग्रेस का मंथन!
इंदौर, 3 मई: मध्यप्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनावों को लेकर तैयारियों का सिलसिला शुरू हो गया है, जहां अब कांग्रेस भी राज्यसभा सीट पर प्रत्याशी उतारने की तैयारियां तेज करती नजर आ रही है. इस बीच कांग्रेस में प्रत्याशी के नाम पर मंथन का सिलसिला जारी है. कांग्रेस हाईकमान छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश तीनों राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनाव को देखते हुए, प्रत्याशी के नाम पर मंथन कर रहा है. कांग्रेस से राज्यसभा जाने वाले नेताओं की लंबी लिस्ट है, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह समेत तमाम बड़े नाम शामिल हैं. उधर, वर्तमान में राज्यसभा के सांसद विवेक तंखा को भी एक बार फिर मध्यप्रदेश से ही राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा सियासी गलियारों में तेज हो चली है.

कांग्रेस को मध्य प्रदेश से मिलेगी एक राज्य सभा सीट
मध्य प्रदेश की 3 राज्यसभा सीटें जून-जुलाई में रिक्त हो रही हैं, जिसमें राज्यसभा सांसद एमजे अकबर, संपतिया उइके और कांग्रेस के विवेक तंखा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है. विधानसभा में सदस्यों की संख्या के आधार पर देखा जाए तो तीन राज्यसभा सीटों में से कांग्रेस को एक सीट मिलने की संभावना है, जिस पर कांग्रेस को प्रत्याशी उतारना होगा. वहीं इस सीट पर उतारे जाने वाला प्रत्याशी कांग्रेस की ओर से राज्यसभा भेजा जाएगा, जहां अब राज्यसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो चली है. बहरहाल, देखने वाली बात होगी कि कांग्रेस राज्यसभा के लिए आखिर किस नेता को अपना प्रत्याशी चुनती है.
समीकरण बदले तो ऐसी बनेगी स्थिति
राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशी चयन में यदि समीकरण बदलते हैं, तो मध्य प्रदेश से गुलाम नबी आजाद को कांग्रेस राज्यसभा भेज सकती है. वहीं विवेक तंखा को छत्तीसगढ़ से राज्यसभा भेजा जा सकता है, इधर बनते बिगड़ते सियासी समीकरणों के बीच अरुण यादव और अजय सिंह जैसे दावेदारों को लेकर क्या कुछ निर्णय हाईकमान लेता है, यह आने वाला वक्त बताएगा.
राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज
मध्य प्रदेश समेत तमाम राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनावों को लेकर हलचल तेज हो चली है, जहां कांग्रेस के खेमे में लगातार बैठकों का दौर जारी है, तो वहीं किस नेता को किस राज्य से राज्यसभा भेजा जाए, इसको लेकर मंथन भी हाईकमान करता नजर आ रहा है.












Click it and Unblock the Notifications