ओवर टेक के चक्कर में हुआ बड़ा हादसा, खाई में जा गिरी बस, 5 की मौत
इंदौर, 23 जून: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के नजदीक भेरूघाट पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ओवरटेक करने के चक्कर में यात्रियों से भरी बस खाई में जा गिरी, जिसके चलते 5 लोगों की मौत हो गई तो वहीं 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद ग्रामीणों की सहायता से कई घायलों को खाई से बाहर लाया गया। साथ ही गंभीर घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से इलाज के लिए इंदौर भिजवाया गया, जहां अस्पताल में सभी घायलों का इलाज फिलहाल जारी है। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि, खाई में गिरी बस पूरी तरह से पलटी खा गई। वहीं हादसे के बाद हड़कंप मच गया, जिसके चलते सड़क पर लंबा जाम भी लग गया।

बस में 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बस की रफ्तार काफी तेज थी, साथ ही ओवरटेक करने के चक्कर में यह हादसा हो गया, जिसके बाद बस खाई में जा गिरी और पलटी खा गई। बस में लगभग 50 से ज्यादा लोग सवार थे, जिसमें से 5 लोगों की मौत हो गई, तो वहीं कई गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा खंडवा रोड पर सिमरोल के आगे घाट सेक्शन में हुआ, जहां बस ऊंचाई से खाई में जा गिरी।
सीएम शिवराज ने जताया घटना पर दुख
हादसे की सूचना जैसे ही राजधानी भोपाल पहुंची, वैसे ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर हादसे पर गहरा दुख जताया है। साथ ही हादसे में मृतकों को चार-चार लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही घायलों का निशुल्क उपचार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारियों ने जाना घायलों का हाल
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां संभागायुक्त पवन कुमार शर्मा और कलेक्टर मनीष सिंह समेत तमाम अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना। घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे संभागायुक्त पवन कुमार शर्मा और कलेक्टर मनीष सिंह ने घायलों के बेहतर उपचार को लेकर दिशा-निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications