Indore news: झिलमिलाती झांकियों में झलकेगा गौरवशाली इतिहास, अनंत चतुर्दशी का चल समारोह रहेगा बेहद खास
इंदौर अपने गौरवशाली इतिहास के लिए केवल प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी प्रसिद्ध है। अपनी इन्ही ऐतिहासिक परंपराओं को बनाए रखते हुए इंदौर में इस वर्ष भी अनंत चतुर्दशी चल समारोह 2023 का आयोजन किया जा रहा है।अनंत चतुर्दशी के शुभ अवसर पर 28 एवं 29 सितंबर की दरमियानी रात को शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए झिलमिलाती झांकियों का कारवां निकाला जाएगा। समारोह के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं है।
पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी खजराना गणेश मंदिर, इंदौर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, होप टेक्सटाईल (भण्डारी मिल), कल्याण मिल, मालवा मिल, हुकुमचंद मिल, स्वदेशी मिल, राजकुमार मिल, स्पूतनिक ट्यूटोरियल एकेडमी, जय हरसिद्धी माँ सेवा समिति, श्री शास्त्री कार्नर नवयुवक मंडल की झांकियां इंदौर शहर को रोशन करते हुए निकलेंगी। सभी झांकियां अपने अखाड़ों के साथ चल समारोह में शामिल होंगी।

इन बातों का रखा जाएगा ध्यान
कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया है कि, चल समारोह के सफल आयोजन हेतु शहर में कानून व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिन मार्गो से झांकियां निकाली जाएंगी उनमें कोई अवरोध ना रहे इसका विशेष ध्यान दिया गया है। साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी की गई है। जुलूस मार्ग पर फायर ब्रिगेड तथा एंबुलेंस को भी तैनात किया गया है। चल समारोह के आयोजन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए झांकी मार्ग पर एम्बुलेंस मय डॉक्टर आयोजन की समाप्ती तक उपलब्ध रहेंगे। बिजली कंपनी का झांकी व्यवस्था के लिए अस्थाई कंट्रोल रूम रहेगा, जो अल सुबह झांकी समाप्त होने तक कार्यरत रहेगा।
कुछ ऐसा रहेगा झांकियों का क्रम
चल समारोह में निकलने वाली झांकियों का क्रम पूर्व वर्षों की भांति निम्न अनुसार रहेगा- 1. खजराना गणेश मंदिर, 2. इंदौर विकास प्राधिकरण, 3. नगर निगम, 4. होप टेक्सटाईल (भण्डारी मिल), 5. कल्याण मिल, 6.मालवा मिल, 7. हुकुमचंद मिल, 8. स्वदेशी मिल, 9. राजकुमार मिल, 10. स्पूतनिक ट्यूटोरियल एकेडमी, 11. जय हरसिद्धी माँ सेवा समिति, 12. श्री शास्त्री कार्नर नवयुवक मंडल। झांकियां निकालने का सिलसिला शाम 6 बजे से प्रारंभ हो जाएगा। सबसे पहले श्री खजराना गणेश मंदिर की झांकी निकलेगी। कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी शाम 6 बजे इस झांकी का पूजन करेंगे।
ये भी पढ़े- Indore news: अनंत चतुर्दशी पर निकलेगा चमचमाती झांकियों का कारवां, इन मार्गों पर भूल से भी ना जाएं इंदौरी












Click it and Unblock the Notifications