Weather update: MP के इन जिलों में भारी बारिश, आने वाले 24 घंटे रहना होगा अलर्ट
इंदौर, 16 अगस्त: मध्यप्रदेश में इन दिनों मानसून मेहरबान है। यही कारण है कि, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी है, तो वहीं मालवा निमाड़ अंचल में भारी बारिश का दौर जारी है, जहां आने वाले दिनों में अंचल के कई जिलों में भी इसी तरह भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, आने वाले 24 घंटों में मालवा निमाड़ अंचल के धार, इंदौर, खरगोन, अलीराजपुर, बड़वानी और झाबुआ जिले में भारी बारिश हो सकती है, जहां बारिश को लेकर तैयार हुआ सिस्टम इन जिलों में झमाझम बारिश करा सकता है। फिलहाल, अंचल के इंदौर संभाग में देर रात से भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जहां लगातार हो रही बारिश के चलते जलजमाव की स्थिति नजर आने लगी है।

लगातार बढ़ रहा नर्मदा नदी का जलस्तर
प्रदेश में लगातार झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। इसी के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इतना ही नहीं नर्मदा नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को पहले ही अलर्ट कर दिया गया है, जहां कई लोगों को घाट किनारे से दूर चले जाने की हिदायत भी दे दी गई है। उधर, नर्मदा पुरम संभाग में लगातार बढ़ रहे नर्मदा नदी के जलस्तर का असर अब प्रदेश के अन्य नदी किनारे वाले जिलों में भी देखने मिल रहा है।

जलाशयों का बढ़ा जलस्तर
पिछले दिनों प्रदेश में हुई झमाझम बारिश के चलते जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ चुका है। इतना ही नहीं कई डैम में जलस्तर अधिक बढ़ने के कारण उनके गेट तक खोलने पड़े थे। साथ ही प्रदेश के सभी तालाबों और नदियों में भी उफान की स्थिति देखने मिली थी। अब तक बारिश के रिकॉर्ड पर एक नजर डालें तो मालवा निमाड़ अंचल के सभी जिलों में झमाझम बारिश होने के चलते बारिश का रिकॉर्ड बड़ा हुआ नजर आ रहा है, जहां आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है।

रिमझिम बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा
मालवा निमाड़ अंचल के कई जिलों में रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है, जिसके चलते मौसम खुशनुमा बना हुआ है। लोग अपने घरों से निकलकर पर्यटन स्थलों की ओर जा रहे हैं, जिसके चलते पर्यटन स्थल अब आबाद नजर आ रहे हैं। अंचल के पर्यटन स्थलों की यदि बात करें तो इन दिनों पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ नजर आ रही है, जहां इंदौर जिले के पातालपानी और कालाकुंड जैसे पर्यटन स्थल लोगों से भरे नजर आ रहे हैं, तो वहीं उधर धार और खंडवा जिले के पर्यटन स्थल भी आबाद नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications