सूरत के बाद इंदौर में भी खेला, कौन हैं कांग्रेस को झटका देने वाले अक्षय कांति बम?
Inodre Loksabha News: गुजरात की तरह मध्य प्रदेश कांग्रेस में खेला हो गया। इंदौर लोकसभा सीट से पार्टी के प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।
यही नहीं, कांग्रेस छोड़कर अक्षय बम ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इसकी जानकारी दी है।

कैलाश विजयवर्गीय ने अक्षय बम के साथ सोशल मीडिया में फोटो शेयर करते हुए X पर लिखा, इंदौर से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अक्षय कांति बम का माननीय पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी में में स्वागत है।
बता दें कि इंदौर लोकसभा सीट पर चुनाव के लिए 25 अप्रैल तक नामांकन भरे गए थे। नाम वापसी के लिए 29 अप्रैल लास्ट डेट थी। इससे पहले कांग्रेस को कुछ जानकारी लग पाती तब तक कैलाश विजयवर्गीय ने 'सूरत जैसे 'ऑपरेशन' को अंजाम दे दिया। इंदौर में लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग 13 मई को होगी और मतगणना 4 जून को संपन्न होगी।
CBSE बोर्ड से पढ़ाई की है
अक्षय कांति बम की पढ़ाई इंदौर के डेली कॉलेज से सीबीएसई बोर्ड से हुई है। फिर मुंबई के सिडेनहैम कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से बम ने बीकॉम किया। इसके बाद इंदौर के पीएमबी आर्ट एंड लॉ कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई की। बम ने कानून शिक्षा के बाद श्री वैष्णव इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट इंदौर से एमबीए और पिलानी की श्रीधर यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट में पीएचडी की है।
अक्षय बम की प्रॉपर्टी कितनी है? इंदौर से कांग्रेस के लोकसभा चुनाव उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने बीते 24 अप्रैल को ही अपना नामांकन दाखिल किया था। हलफनामे में बम ने अपनी कुल प्रॉपर्टी 57 करोड़ रुपए बताई। खास बात यह है कि कांग्रेस प्रत्याशी के कोई कार नहीं है। वह 14 लाख रुपए की घड़ी पहनते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम के पास चल संपत्ति 8.50 करोड़ रुपए तो अचल संपत्ति 46.78 करोड़ रुपए है। पेशे से बिजनेमैन बम की सालाना आय 2.63 करोड़ है।
21 करोड़ पत्नी की प्रॉपर्टी
अक्षय कांति बम की पत्नी रिचा बम तीन किलो सोने और 9.3 किलो चांदी रखती हैं। वह कुल 21 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं। पूरे बम परिवार पर पत्नी और 2 बच्चों सहित कुल 78 करोड़ की संपत्ति है।
जानिए सूरत मामला
पिछले दिनों गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के मुकेश दलाल को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया था। इस सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी निलेश कुम्भानी का नामांकन एक दिन पहले ही रिटर्निंग ऑफिसर ने रद्द कर दिया था। उनके प्रस्तावकों के हस्ताक्षर में गड़बड़ियों का हवाला देकर नामांकन रद्द किया गया था। कांग्रेस के प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने के बाद बाकी बचे आठ उम्मीदवारों ने भी अपनी उम्मीदवारी वापिस ले ली थी। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मुकेश दलाल निर्विरोध चुन लिए गए थे। चुनाव आयोग ने उन्हें जीत का सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications